कलेक्टर पहुंचे क्लासरूम, विद्यार्थियों से किए सवाल-जवाब
शिक्षा
11-Sep-26
विद्यार्थियों से संविधान, मौलिक अधिकार, भाषा ज्ञान और करियर को लेकर किया संवाद

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को सर्वप्रथम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरवाड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
हायर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी और अंग्रेजी समाचार पढ़ते हैं विद्यार्थी
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं के समाचार पत्र उपलब्ध पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने कक्षा 11वीं कला संकाय के विद्यार्थियों से सहज और आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, विभिन्न अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे और उनके ज्ञान का आंकलन किया। विद्यार्थियों द्वारा अधिकांश प्रश्नों के सही उत्तर दिए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विषय शिक्षक को विद्यार्थियों का और अधिक उन्मुखीकरण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी विषय से जुड़े प्रश्नों का उत्तर बिना झिझक और पूरे आत्मविश्वास के साथ दे सकें।
अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक: हरेन्द्र नारायण
कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होना आवश्यक है, अपने अंदर वैज्ञानिक भावना को विकसित करना भी इसमें शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने की सीख दी और प्रतिदिन हिंदी के साथ अंग्रेजी भाषा के समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र पढ़ने से सामान्य ज्ञान बढ़ता है और विद्यार्थियों की भाषा, समझ एवं अभिव्यक्ति क्षमता भी बेहतर होती है।
मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सावधानी से करने की सीख: अजय पाण्डेय
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन एवं इंटरनेट का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने विद्यार्थियों से कहा कि परिवार के किसी सदस्य के साथ सड़क दुर्घटना होने पर उसका प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है और बच्चों का जीवन भी कठिनाइयों से भर सकता है। इसलिए सभी विद्यार्थी अपने माता - पिता, भाई, बहन और परिजनों से जिद करें, उन्हें समझाएं और हमेशा हेलमेट लगाकर ही दोपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें।
विविध भाषाओं के ज्ञान से बेहतर कैरियर की संभावनाएं: अग्रिम कुमार
सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने विद्यार्थियों को विविध भाषाओं के ज्ञान से मिलने वाली बेहतर करियर संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे युवाओं की मांग बढ़ रही है, जिन्हें विषय ज्ञान के साथ एक से अधिक भाषाओं का ज्ञान हो। एक से अधिक भाषाओं के ज्ञान से भविष्य में शिक्षा, रोजगार और करियर के व्यापक अवसर प्राप्त हो सकते हैं। विद्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने शिक्षकों से भी चर्चा की और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे तथा विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार डेहरिया सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित था।