Home News Helpline Classified Jobs About Contact

डेंगू से बचाने आंगनवाड़ी के बच्चों को पिलाई होम्योपैथिक औषधि

डेंगू से बचाने आंगनवाड़ी के बच्चों को पिलाई होम्योपैथिक औषधि
छिंदवाड़ा
11-Sep-26
पंचशील कॉलोनी में वितरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित

छिन्दवाडा

डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार को शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा के वार्ड क्रमांक-41 स्थित पंचशील कॉलोनी, साउथ सिविल लाइन के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 एवं 02 में विशेष जागरूकता एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासकीय होम्योपैथी औषधालय छिंदवाड़ा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता मसराम द्वारा डेंगू से बचाव के लिए होम्योपैथिक औषधि यूपीटोरियम-200 का वितरण किया गया। साथ ही डेंगू पॉजिटिव मरीजों एवं उनके परिवारजनों को भी औषधि प्रदान कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। इस दौरान मरीजों को संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए आइसोलेशन में रहने की सलाह भी दी गई। औषधि वितरण कार्य में धीरेंद्र तिवारी एवं सुश्री कविता उईके का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। 

डेंगू से बचाव के बताए तरीके

शिविर के दौरान नागरिकों को डेंगू से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए घरों में रखे पानी के कंटेनरों, कूलरों, फ्रिज ट्रे, टांकों, टंकियों एवं अनुपयोगी टायरों की नियमित जांच करने की सलाह दी गई। साथ ही जल संग्रहण वाले पात्रों की साप्ताहिक सफाई तथा ऐसे बड़े कंटेनरों में, जिनकी सफाई संभव न हो, प्रति सप्ताह मीठा तेल डालने की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को मच्छरों के काटने से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन में भी मच्छरदानी का उपयोग कराने, मॉस्किटो कॉइल के उपयोग तथा शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने के लिए प्रेरित किया। शिविर में बताया गया कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द तथा नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता एवं सावधानीपूर्ण उपायों को अपनाकर जिले में डेंगू के प्रसार को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।
Share News On