51 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की भव्य कलश यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालु
छिंदवाड़ा
21-May-26
छिंदवाड़ा
चौरई क्षेत्र के ग्राम रानीखेरी (विकला), जिला छिंदवाड़ा में आयोजित होने जा रहे विशाल 51 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं विराट संत सम्मेलन के पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा में आज हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मातृशक्ति द्वारा सिर पर कलश धारण कर निकाली गई यात्रा, जय श्रीराम के जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति भाव से पूरे क्षेत्र को राममय कर गई।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर अजय रामदास जी महाराज ने कहा कि 51 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, धर्म जागरण और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस दिव्य आयोजन से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि, सद्भाव एवं धर्म चेतना का विस्तार होगा। साथ ही आयोजन समिति, संत समाज एवं समस्त ग्रामवासियों को इस पुण्य आयोजन हेतु शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम रानीखेरी (विकला) में 21 मई से 29 मई 2026 तक 51 कुंडीय हवनात्मक श्रीराम महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं विराट संत सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संत-महात्माओं का सान्निध्य एवं श्रीराम कथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।