Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भारी बारिश में भी छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग

भारी बारिश में भी छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे लोग
छिंदवाड़ा
08-Jul-25
ग्राम पंचायत से लेकर तहसील ऑफिस तक अधिकारी नहीं देते ध्यान

छिंदवाड़ा

ग्राम पंचायत से लेकर तहसील ऑफिस तक के अधिकारियों के चक्कर लगा लगा कर जब आम नागरिक थक जाता है तब जाकर बड़ी उम्मीदों के साथ वो प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचते हैं। ऐसा ही कुछ नजारा आज भी कलेक्ट्रेट में दिखाई दिया जब भारी बारिश के बावजूद उन्हें कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह से मिलकर समस्या के निवारण की उम्मीदें दिखी।

प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 85 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन करने, पीएम जनमन आवास योजना का लाभ दिलाने, पीएम किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने, पात्रता पर्ची जारी करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा दिलाने, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने व आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।  


       कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम रावनवाड़ाखास के लालदास पाल ने विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्ध्दघुमक्कड़ जाति प्रमाण पत्र बनवाने, चौरई के वार्ड नंबर-11 के श्री मदनलाल अहरवार ने आवेदक के निजी स्वामित्व एवं अधिपत्य की भूमि से अनावेदकगण का अवैध कब्जा हटाने, ग्राम अर्जुनवाड़ी की श्रीमती गरीबा सांगोले ने घर में लगी आग व कृषि सामान के जलने का मुआवजा दिलाने, अमरवाड़ा के ग्राम बन्धानी के  घनश्याम ने वनभूमि का पट्टा दिलाने, ग्राम उमरेठ की श्रीमती कीर्ति चौरसिया ने आबादी भूमि का पट्टा प्रदाय करने, ग्राम गोनावाड़ी के नन्दकिशोर यदुवंशी ने दुर्घटना सहायता राशि दिलाने, चौरई के वार्ड नंबर-13 की श्रीमती मूलिया बाई ने आवास प्रमाण पत्र/पट्टा की दूसरी प्रति पदाय किये जाने, ग्राम उरधन की श्रीमती अनुसुईया बेलवंशी ने पुत्र को छात्रावास में प्रवेश दिलाने एवं छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-16 के श्री गोविन्दसिंग रघुवंशी ने खानदानी स्वयं की भूमि खसरा नंबर-248/1 का नक्शा में त्रुटि सुधार कराने, छिंदवाड़ा नगर के राजकुमार त्रिपाठी ने कृषि भूमि के खसरा में नाम सुधारने, नगर के रानीकोठी की श्रीमती ज्योति सारवान ने अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, नगर के नितेश शोमल ने राशन कार्ड बनाने, नगर के वार्ड नंबर-32 की श्रीमती गीता धुर्वे ने पुत्र-पुत्री के लिये स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार एवं प्रभारी एडीएम श्रीमती अंकिता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।
Share News On