बेटियों ने नाटक के माध्यम से बताए नशे के दुष्परिणाम
छिंदवाड़ा
19-Jul-25
पुलिस के सहयोग से गांगीवाड़ा में चला जागरूकता कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
नशा ही नाश की जड़ है। नशे से समाज में अपराध होते है अतः इससे दूर रहने वाले ही अच्छे स्वास्थ्य, देश और समाज के लिए अच्छे नागरिक बन सकते है। गांगीवाड़ा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया बेटियों ने। जिस किसी ने भी यह देखा उसके हाथ खुद ब खुद तालियां बजाने के लिए उठ गए। मध्य प्रदेश पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांगीवाड़ा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें देहात थाना से उपनिरीक्षक वर्षा सिंह, उपनिरीक्षक देवकरण डेहरिया, संस्था प्राचार्य श्रीमती वाय.एन.खान प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप निरीक्षक वर्षा सिंह ने कहा कि किसी भी देश के भविष्य और तरक्की के लिए नशा सबसे बड़ी रुकावट है। नशा सेहत पर बुरा प्रभाव डालता है और साथ में परिवार पर भी बुरा प्रभाव डालता है। साइबर क्राइम के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। संस्था की प्राचार्य श्रीमती वाय.एन.खान ने उपस्थित विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील की और नशे से होने वाले नुकसान से परिचित कराया । संस्था की छात्राओं ने नशा मुक्ति पर आधारित लघु नाटिका की शानदार प्रस्तुति दी। इन छात्राओं ने गांगीवाड़ा के नाका चौक में भी नुक्कड़ नाटिका की प्रस्तुति दी और बड़े सरल और सहज तरीके से तंबाकू, सिगरेट, शराब, सिगरेट और गुटके के दुष्परिणाम नगर वासियों के सामने रखे। कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र दुबे ने किया। संस्था के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए। इस अवसर पर आरक्षक महेश रघुवंशी, देहात थाना और समस्त शाला परिवार अपनी उपस्थिति प्रदान की।
