Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जागरूक वाहन चालकों का गुलाब और पेन भेंट कर किया सम्मान

जागरूक वाहन चालकों का गुलाब और पेन भेंट कर किया सम्मान
छिंदवाड़ा
06-Aug-26
सुरक्षित वाहन चालन के लिए लोगों को किया प्रेरित

छिंदवाड़ा

टी आर एस एफ सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं नागरिकों में यातायात नियमों के पालन की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टी.आर.एस.एफ. (ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी अवेयरनेस फाउंडेशन) एवं यातायात विभाग द्वारा जेल गेट के सामने इंदिरा तिराहे पर जागरूक वाहन चालकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उनका अभिनंदन किया गया। संस्था के सचिव डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि हेलमेट एवं सीटबेल्ट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को सम्मान स्वरूप गुलाब पुष्प एवं पेन भेंट किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

यातायात प्रभारी लोहित शेंडे ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे सम्मान कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ अन्य नागरिकों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम संयोजक संदीप अग्निहोत्री एवं संस्था के अध्यक्ष योगेश पटेल ने बताया कि अब प्रत्येक माह की 5 तारीख को यातायात नियमों का पालन करने वाले जागरूक वाहन चालकों का सम्मान किया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का व्यापक वातावरण निर्मित हो सके। 

इस अवसर पर यातायात प्रभारी लोहित शेंडे, टी.आर.एस.एफ. के संस्थापक कल्पेश पटेल, कार्यक्रम संयोजक संदीप अग्निहोत्री, अध्यक्ष योगेश पटेल, सचिव डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, नंदू निर्मलकर, उमाशंकर साहू, डॉ. डी.एस. चौरे, एड. मुकेश दीक्षित, श्याम गजभिए, डी.पी. मालवीय, नितिन गडकरी, अभिषेक चंदेल, हरीश गढ़वाल, रितेश मलिक, सचिन सूर्यवंशी, प्रियांशु पालीवाल सहित पुलिस यातायात विभाग के अधिकारी, समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Share News On