स्वच्छता कर 120 से 1200 करने पर निगम के खिलाफ कांग्रेस करेगी हल्ला बोल
छिंदवाड़ा
12-Sep-25
पार्षद दल व शहर कांग्रेस की बैठक में बनाई रणनीति
छिन्दवाड़ा
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यकाल में जनता पर कभी टैक्स का बोझ नहीं डाला। उन्होंने सुविधाएं दी, विकास दिया और सौगातें दी, किन्तु जैसे ही निगम में भाजपा की सरकार आई उन्होंने सबसे पहले जनता पर टैक्स का बोझ डाला, जबकि सुविधाएं शून्य है, सफाई व्यवस्था लड़खड़ा चुकी है।

भाजपा के भारी भरकम टैक्स वूसली के विरुद्ध कांग्रेस जल्द ही हल्ला बोल प्रदर्शन करेगी। क्योंकि भाजपा शासित निगम का बढ़ा हुआ टैक्स आमजन पर भारी बोझ बन चुका है। कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा विरोध किए जाने के बाद भी भाजपा ने अपनी हठधर्मिता का परिचय देते हुए जनता पर गब्बर सिंह टैक्स थोपा है। जिसके खिलाफ अब जन आंदोलन की तैयारी है। निगम में फैली अनियमितताओं, आमजन को हो रही अनेकों असुविधाओं व बढ़े हुए टैक्स के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल एवं शहर कांग्रेस कमेटी जल्द ही हल्ला बोल आंदोलन कर बढ़ा हुआ टैक्स वापस लेने की मांग की जाएगी। आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने स्थानीय राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। आयोजित बैठक में आंदोलन की तारीख तय करने के साथ आमजन का समर्थन जुटाने पर चर्चा की गई, क्योंकि जनता भी बढ़े हुए टैक्स का खुलकर विरोध कर रही है।
भाजपा ने 120 से 1200 किया स्वच्छता कर
आयोजित बैठक में कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि कांग्रेस के समय स्वच्छता कर 120 रुपए लिया जाता था, भाजपा ने इसे बढ़ाकर सीधे 1200 रुपए किया है। इसी तरह जलकर 175 रुपए से बढ़ाकर 260 रुपए लिया जा रहा तो वहीं सम्पत्ति कर में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर भाजपा ने जनता से खुली लूट प्रारंभ कर दी है जिसके विरोध में जल्द ही कांग्रेस पार्षद दल एवं शहर कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन होगा।
आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी अजय मैद, परासिया विधानसभा प्रभारी राजीव तिवारी, शहर कांग्रेस के प्रभारी धर्मेन्द्र सोनू मांगो, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े, सरला श्रीवास्तव, मंजू बैस, श्रद्धा बबला पटेल, नौशिन शोभी कुरैशी, तरूण कराड़े, आकाश मोखलगाय, राहुल मालवी, सरिता चिंटू काले, नदीम भाई, संगीता पवार उपस्थित रहीं।