हर्रई विधायक के संरक्षण में जमकर हो रही अवैध वसूली: कुर्चे
छिंदवाड़ा
12-Sep-25
हर्रई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चम्पलाल कुर्चे ने लगाए आरोप
छिन्दवाड़ा
अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है, यहां नियम, कानून व कायदें विधायक के मुताबिक चलते हैं। उनसे जुड़े हुए लोग बेखौफ अवैध वसूली कर रहे, अधिकारियों व कर्मचारियों को डरा व धमका रहे। उक्त उदगार हर्रई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चम्पलाल कुर्चे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में व्यक्त किए।

चम्पालाल कुर्चे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा कि कैलाश चन्द्र सूर्यवंशी प्राथमिक शिक्षक व प्रभारी अधीक्षक आ.वा.आश्रम अंग्रेजी माध्यम हर्रई में कार्यरत है। उन्हें विधायक कमलेश शाह से जुड़ा हुआ व्यक्ति पुनीत नेमा विभिन्न माध्यमों से परेशान कर 50 हजार रुपए की मांग कर रहा है। श्री कुर्चे ने आगे कहा कि कैलाश चन्द्र की विभागीय जांच जारी है जिसका उल्लेख उन्होंने हर्रई थाना प्रभारी को प्रस्तुत शिकायत में भी किया है। विधायक कमलेश प्रताप शाह से संरक्षण प्राप्त लोग शासकीय विभागों व कर्मचारियों से अवैध वसूली कर रहे हैं जिसके चलते शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। हर्रई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुर्चे ने अंत में कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा में बिगड़ी कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग कांग्रेस सतत रूप से लिखित, मौखिक रूप से आवेदन व निवेदन के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों से कर रही है, किन्तु प्रशासन की आंख नहीं खुली।