Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सावन में कांग्रेस हुई धर्ममय, कार्यालय में सुंदरकाण्ड व हनुमान चालीसा का पाठ

सावन में कांग्रेस हुई धर्ममय, कार्यालय में सुंदरकाण्ड व हनुमान चालीसा का पाठ
राजनीति
24-Aug-26
कांधों पर कांवड और कांवड में जीवनदायिनी मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकले कांग्रेसजन

छिन्दवाड़ा

सनातन धर्म, सभ्यता और संस्कृति में वर्ष के बारहों माह का विशेष महत्व है, लेकिन पवित्र श्रावण मास का विशेष फल देने के साथ ही भगवान भोलेनाथ की आराधना और साधना का माह है। प्रत्येक सोमवार को विशिष्ट पूजन अर्चन के साथ देवादि देव महादेव की आराधना की जाती है। श्रावण के अंतिम सोमवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान की जय३विजय और भक्ति परायण के जयकारों से गूंजती रही। बल और बुद्धि के दाता के जयकारों और गगन भेदी जयघोष से गुंजायमान रहा। संकट मोचन हनुमान जी महाराज के परम भक्त सनातन धर्म में गहरी आस्था रखने वाले कमलनाथ एवं नकुलनाथ की प्रेरणा से आयोजित सुंदरकाण्ड पाठ एवं हनुमान चालीसा का श्रवण कर जिलेभर से आए कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्तागण सहित आमजन ने पुण्य लाभ अर्जित किए।

जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन व कांग्रेस धार्मिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ईएलसी चौक स्थित राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में श्रीश्री मां भगवती देवी जागरण परिवार के द्वारा सुंदरकाण्ड एवं हनुमान चालीसा पाठ की संगीतमय सुमधुर प्रस्तुति दी गई। सर्वप्रथम श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी व जीवनदायिनी मां नर्मदा के पवित्र जलकुण्डों की विशिष्ट पूजा अर्चना की गई। प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की आराधना व प्रभु श्रीराम व श्री हनुमान जी महाराज का आव्हान किया गया। तदोपरांत ढोलक, मंजिरों की थाप के साथ ही विभिन्न वाद्ययंत्रों की धुन के साथ सुमधुर सुंदरकाण्ड एवं श्री हनुमान चालीसा का पाठ प्रारंभ हुआ। भगवान की भक्ति में लीन श्रद्धालुजनों ने परमपिता परमेश्वर से जिले की सुख, शांति व समृद्धि के साथ ही सभी के लिए उन्नति, प्रगति, स्वास्थ्य लाभ और कल्याण की प्रार्थना की। सुंदरकाण्ड पाठ के उपरांत भगवान भोलेनाथ के सुमधुर भजन की प्रस्तुति दी गई तदोपरांत श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। आरती के उपरांत उपस्थित समस्त श्रद्धालुजन में प्रसादी का वितरण किया गया तदोपरांत राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय के सामने से कांवड यात्रा प्रारंभ हुई।

मुख्य मार्गों से होकर निकली कांवड यात्रा

राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय से कांवड़ यात्रा एवं मां नर्मदा जल अभिषेक यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारीगण कार्यकर्तागण, धार्मिक व सामाजिक संगठनों के सदस्यगण व आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांवड़ यात्रा जिला अस्पताल के सामने से होते हुए, अनगढ़ हनुमान मंदिर, महात्मा गांधी चौक पर कांग्रेस अल्प संख्यक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इतवारी, गोलगंज से मेन रोड होते हुए छोटी माता मंदिर पहुंची। छोटी बाजार से पुराना पॉवर हाउस, अंगद साहू जी के मकान के सामने से शक्ति चौक होते हुए महाकाल मंदिर में जल अर्पित कर सिद्ध पातालेश्वर धाम पहुंची।

जगह-जगह हुआ कांवड यात्रा का स्वागत

कांवड यात्रा का सम्पूर्ण मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। यात्रा जिन मार्गों से होकर निकली श्रद्धालुजन जुड़ते गए और इस धार्मिक यात्रा का स्वरूप पातालेश्वर धाम पहुंचते तक भव्य रूप में बदल गया। सम्पूर्ण मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारों, जय श्रीराम और संकट मोचन हनुमान जी महाराज के जयकारों से कांवड यात्रा गूंजती रही। सम्पूर्ण भक्तिभाव, नियम और संयम के साथ कांवड यात्रा बढ़ती गई और मार्ग में पुष्पवर्षा के साथ ही कांवड में रखे मां नर्मदा के जल का पूजन कर आमजन मानस ने पुण्य लाभ अर्जित किए। पातालेश्वर धाम पहुंचने पर भगवान भोलेनाथ का मां नर्मदा के जल से अभिषेक व पूजन अर्चन व आरती के साथ कांवड यात्रा पूर्ण हुई। उपस्थित श्रद्धालुजनों के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, गंगाप्रसाद तिवारी, धर्मेन्द्र सोनू मागो, पप्पू यादव, समन द्विवेदी सहित महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, कांग्रेस धार्मिक प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन व समस्त मोर्चा संगठन सहित समस्त प्रभारीगण, समस्त पर्यवेक्षकगण, समस्त ब्लॉक एवं उप ब्लॉक अध्यक्षगण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
Share News On