जन विश्वास शिविर से पहले सीएम हेल्पलाईन और 181 की शिकायतों का निराकरण करें अधिकारी
छिंदवाड़ा
24-Aug-26
कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा
कलेक्टर हरेन्द्र नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय स्तर के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
समय सीमा की बैठक ने कलेक्टर श्री नारायन ने एनएचएआई को आरटीओ की टीम के साथ मुख्य मार्ग में खड़े बड़े वाहनों पर सख्ती से चलानी कार्यवाही जारी रखने, आरटीओ को स्कूली वाहनों पर लगातार नजर रखते हुए नियमानुसार संचालन सुनिश्चित कराने, मोटरेबल सड़क विहीन ढानों की सूची बनाने, बरसात में अनहाइजेनिक कंडीशन में संचालित होटलों, ढाबों आदि की जांच कर कड़ी कार्यवाही करने, फॉर्मर रजिस्ट्री और बकेटिंग कार्य में प्रगति लाने, जर्जर शाला भवनों के डिस्मेंटल की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने, डेंगू, मलेरिया सेंसटिव क्षेत्रों में जांच और दवा छिड़काव की कार्यवाही तीव्र गति से पूरी करने, शासकीय कार्यालयों में भी लार्वा की जांच करने और पाए जाने पर कार्यालय प्रमुख पर जुर्माना लगाने और क्षय रोगियों के फूड बास्केट के लिए सभी अधिकारियों को सहयोग करने आदि के निर्देश दिए हैं।
इस सप्ताह 27 अगस्त को हर्रई में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले से निर्धारित रोस्टर के अनुसार अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के कारण एक दिन पूर्व गुरुवार 27 अगस्त को हर्रई में आयोजित किया गया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और आमजन की अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दोहराते हुए कहा कि सभी जिला अधिकारी अभियान के प्रथम चरण में अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और परख ऐप में ऑनलाइन निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करेंगे। जिसके बाद द्वितीय सत्र में आयोजित शिविर स्थल पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और क्षेत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को वाहन पूलिंग करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें एंटी स्नेक वेनम
कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि चांद क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी स्नेक वेनम के 10 वायल ही उपलब्ध थे। सीएमएचओ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कम से कम 20 वायल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कम से कम 60 और जिला अस्पताल ने 500 वायल उपलब्ध रहें। जिले में एंटी स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, प्रत्येक जरूरत मंद को इसकी तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए, सर्प दंश के प्रकरणों में जान बचाने के पूरे प्रयास होने चाहिए।
स्वीकृत नवीन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण शीघ्र कराएं शुरू
कलेक्टर श्री नारायन ने जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देश दिए कि जिले में स्वीकृत 72 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराएं। जिनमें प्रशासकीय स्वीकृति एवं राशि जारी करने की प्रक्रियाएं रह गई हैं, जल्दी पूरी कराएं और संबंधित सीईओ जनपद पंचायत से समन्वय करते हुए निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराएं। उन्होंने किराए में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को भी सर्व सुविधायुक्त भवनों में ही संचालित करने के निर्देश दिए।
नियमित हो जिला अस्पताल के टॉयलेट्स की सफाई
कलेक्टर श्री नारायन ने नगर निगम को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराएं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जिला अस्पताल के टॉयलेट्स की नियमित साफ - सफ़ाई सुनिश्चित कराएं। अस्पताल परिसर में हाईजीन को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य विभाग डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल पटेल को भी इस पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।