Home News Helpline Classified Jobs About Contact

औपचारिक रही जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक

औपचारिक रही जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक
छिंदवाड़ा
24-Aug-26
छिन्दवाडा

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक सोमवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ ही नवीन एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि जिले में जहां-जहां रेडियम एवं रिफ्लेक्टर की आवश्यकता है, वहां अनिवार्य रूप से रेडियम एवं रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क एवं अन्य संरचनाएं स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने नगर निगम आयुक्त को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।

कलेक्टर श्री नारायन ने नेशनल हाईवे पर ऐसे स्थानों को चिन्हित कर, जहां बड़ी संख्या में मवेशी एवं गायें सड़क पर रहती हैं, वहां आवश्यकतानुसार कैटल बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को सावधान करने के लिए पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं, जिससे मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में एनएचएआई एवं सड़क संबंधी विभिन्न विभागों के अधिकारी, डीएसपी एवं टीआई यातायात सहित नगर निगम, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Share News On