Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस
छिंदवाड़ा
16-Mar-26
छिन्दवाड़ा

रसोई गैस की किल्लत व बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ छिन्दवाड़ा शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा कलेक्ट्रेट रोड गुलाबरा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन स्थल पर एकजुट हुए शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पास की नाली में पाइप डालकर गैस से चूल्हा चलाने का भी प्रयास किया। 

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि देश की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है और अब घरेलू गैस की किल्लत ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता को भ्रमित करने के बजाय रसोई गैस की कमी दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता का गुस्सा और बढ़ेगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर रही। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और कई जगहों पर समय पर आपूर्ति नहीं हो पा रही। श्री यादव ने मांग की कि सरकार तत्काल गैस आपूर्ति को सुचारू करे और कीमतों पर नियंत्रण लगाए, ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस संकट को लेकर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस की किल्लत और महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं हुआ तो आने वाले समय में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।

आयोजित धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, कांग्रेस के समस्त उप ब्लॉक, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, शहर महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस एससी व एसटी प्रकोष्ठ, कांग्रेस पार्षद दल, कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
Share News On