माइनिंग इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी
छिंदवाड़ा
16-Mar-26
छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी आयुक्त नगर निगम छिंदवाड़ा सी. पी.राय, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पी. राजौदिया सहित जिला प्रशासन व सभी विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।

माइनिंग इंस्पेक्टर को एस.सी.एन जारी करने के निर्देश
खनिज के अवैध खनन पर कार्यवाही की समीक्षा के दौरान ग्राम बीसापुर कला के समीप कुलबेहरा नदी में रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत पर कलेक्टर श्री नारायन ने कड़ी नाराजगी जताई और माइनिंग इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खनिज अधिकारी को अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
कलेक्टर श्री नारायन ने स्वच्छता सर्वेक्षण की जमीनी तैयारियों की समीक्षा के दौरान नगर निगम सहित सभी नगरीय निकायों को शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने आवागमन के दौरान शहर के मुख्य मार्गों में पाई गई गंदगी के लिए असंतोष जाहिर किया और स्वच्छता पर नियमित रूप से विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
वार्ड प्रभारी को नोटिस
नगर निगम छिंदवाड़ा से जुड़े समय सीमा के प्रकरण में कलेक्टर नारायन ने खैरी भोपाल पहाड़ मद को सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध मकान निर्माण के लिए वार्ड प्रभारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। प्रकरण में राजस्व एवं निगम के संयुक्त दल द्वारा अतिक्रमण हटा दिया गया है।