संतोषी माता मंदिर में कांग्रेस सेवादल ने चलाया स्वच्छता अभियान
राजनीति
14-Aug-26
छिंदवाड़ा

जिला कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में शुक्रवार सुबह चार फाटक स्थित संतोषी माता मंदिर एवं पाटनी पेट्रोल पंप के सामने लालबहादुर शास्त्री परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर और लालबहादुर शास्त्री चौक की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष दीपक वाजपेयी ने बताया कि कार्यकर्ता सुबह करीब 9 बजे मंदिर परिसर पहुंचे, जहां पोछा लगाने सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस सेवादल, नगर कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस सेवादल पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता से भी जुड़ा विषय है। श्रमदान के माध्यम से लोगों को अपने आस-पास के सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छता अभियान में नगर अध्यक्ष बलराम सिंह चौहान, नगर उपाध्यक्ष रवि खेलवाड़ी, दक्षिण उप ब्लॉक अध्यक्ष देशराज बारस्कर, उत्तर क्षेत्र उप ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश उईके, देवेंद्र लोखंडे, साई उईके, कमलेश बाडीवा, पप्पू पाल, केशव चरपे, महिला कार्यकारी सीमा शुक्ला, रवीना कोचे, निशा गोहिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।