Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शहर कांग्रेस कमेटी ने निकाला पैदल मार्च

शहर कांग्रेस कमेटी ने निकाला पैदल मार्च
राजनीति
14-Aug-26
भाजपा को मंच नहीं स्वयं के मानसिक शुद्धिकरण की आवश्यकता है: कांग्रेस
 
छिन्दवाड़ा

हलद्वानी में हुए घृणित जातिवादी कृत्य के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस ने विशाल पैदल मार्च निकाला। हाथों में कांग्रेस पार्टी के झण्डे लिए हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा के लिए मानसिक शुद्धिकरण के नारे लगाए। राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ हुआ पैदल मार्च जिला अस्पताल, कोतवाली पुलिस थाना, अनगढ़ हनुमान मंदिर, गांधी चौक, इंदिरा तिराहा से होते हुए बाबा साहब भीमराव अम्बेड़कर की प्रतिमा पहुंचा। सम्पूर्ण मार्ग में कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल के तथाकथित शुद्धिकरण के अपमानजनक के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी व कमलनाथ एवं  नकुलनाथ के निर्देश पर शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में समस्त कांग्रेसजन ने पैदल मार्च निकाला। छुआछूत व जातिवाद के खिलाफ वृहद आंदोलन करने वाले संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अम्बेड़कर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पैदल मार्च पूर्ण हुआ।

भाजपा देश में रूढिवादी व जातिवाद का जहर घोल रही: ओकटे

यहां जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि भाजपा ने देश को आर्थिक गुलामी में धकेल दिया है। अब उनकी रूढिवादी व अशुद्ध मानसिकता देश में जातिवाद का जहर घोल रही है जिसे कांग्रेस किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस ने कभी भी किसी भी जाति अथवा धर्म के साथ भेदभाव नहीं किया और आगे भी नहीं करेगी और भाजपा से भी यही अपेक्षा करती है। भाजपा को मंच नहीं मानसिकता के शुद्धिकरण की आवश्यकता है। जनता भाजपा की मानसिक शुद्धिकरण के कार्य का श्रीगणेश कर चुकी है।

भाजपा के लोग जातिवाद की मानसिकता से ग्रस्त है: मागो

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने सम्बोधित करते हुए कहा कि यह केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि देश के हर व्यक्ति का अपमान है, जिस जातिवाद को समाज वर्षों पहले मिटा चुका भाजपा उसे आधार बनाकर देश को जाति के आधार पर बांटना चाह रही है। भाजपा के द्वारा हलद्वानी में की गई घटना निंदनीय व तुच्छ व जातिवादी मानसिकता का सबसे बड़ा उदाहरण है। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा इसका सबसे बड़ा प्रमाण है, कि भाजपा के लोग जातिवाद की निम्न स्तरीय मानसिकता से बुरी तरह ग्रसित है।

आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधि गंगाप्रसाद तिवारी, सुरेश कपाले, गुरूचरण खरे, पप्पू यादव, जय सक्सेना, सरला सिसोदिया, दीपक वाजपेयी, दीपा यादव,टिंकू राय, जाकिर परवेज, प्रबल सक्सेना, आरिफ ठाकुर,  अपेक्षा सूर्यवंशी सहित कांग्रेस के समस्त विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Share News On