कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
राजनीति
11-Aug-26
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को दिए प्रमाण पत्र
कमलनाथ-नकुलनाथ ने भेजा शुभकामना संदेश

छिंदवाड़ा
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। समापन सत्र में प्रशिक्षक महेंद्र जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाई थी और अब पार्टी भ्रष्टाचारियों, चंदा चोरों, पेपर लीक करने वालों, आदिवासियों की जमीन हड़पने वालों और उन पर अत्याचार करने वालों से देश को मुक्त कराने की लड़ाई लड़ेगी।
ध्वजारोहण से हुई दूसरे दिन की शुरुआत
नरसिंहपुर रोड स्थित अग्रवाल पैलेस में दूसरे दिन के प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और पांढुर्णा जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उइके ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और ध्वजगान हुआ। दोनों जिला अध्यक्षों ने संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों से सवाल किए और आवश्यक सुधार के सुझाव दिए। प्रशिक्षण के समापन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में नई ऊर्जा और उत्साह दिखाई दिया
सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार
जोशी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस सरकारों ने बड़े बांध, आईआईटी, इसरो, परमाणु अनुसंधान केंद्र और मेडिकल कॉलेज जैसी संस्थाओं की स्थापना कर आधुनिक भारत की नींव रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने देश के विकास में योगदान दिया। उन्होंने बांग्लादेश के निर्माण सहित कई ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा में कमलनाथ और नकुलनाथ के प्रयासों से संचालित विभिन्न स्किल सेंटरों से हजारों युवा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश की 22 वर्षों की भाजपा सरकार और केंद्र की 12 वर्षों की सरकार ने जिले में कितने स्किल सेंटर खोले और कितने युवाओं को रोजगार दिया। सवाल पूछना और जवाब मांगना विपक्ष का अधिकार है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार सवाल उठाने चाहिए।
मंडलम अध्यक्षों को ग्राम देवता की तरह काम करने की नसीहत
जोशी ने मंडलम अध्यक्षों से क्षेत्र में ‘ग्राम देवता’ की तरह काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कर मंडलम अध्यक्ष अपनी अलग पहचान बनाएं। संगठन के प्रति जवाबदेह रहते हुए क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखें।
प्रशिक्षक राहुल राज ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन तभी प्रभावी होंगे, जब उनमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता भी बताई।
संविधान से चलेगा देश, किसी विचारधारा से नहीं
प्रशिक्षक गौरव जायसवाल ने कहा कि देश संविधान से चलता है और आगे भी संविधान से ही चलेगा। उन्होंने कहा कि संविधान में बदलाव का सीधा असर आम नागरिकों के अधिकारों पर पड़ता है। कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
प्रमाण पत्र के साथ मिला कमलनाथ-नकुलनाथ का संदेश
प्रशिक्षण के समापन पर छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के विधानसभा प्रभारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक अध्यक्ष, उप ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के जिला अध्यक्ष एवं विधायकगण को प्रशिक्षण पूर्णता के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ की ओर से शुभकामना संदेश भी दिया गया।
शुभकामना संदेश में प्रशिक्षणार्थियों की पूर्ण उपस्थिति को कांग्रेस के प्रति निष्ठा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा गया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कार्यप्रणाली का उपयोग संगठन को मजबूत करने में किया जाएगा।