Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कांग्रेस का ‘झूठा रनवे’ बेनकाब, भाजपा ने दी छिंदवाड़ा को असली उड़ान : शेषराव यादव

कांग्रेस का ‘झूठा रनवे’ बेनकाब, भाजपा ने दी छिंदवाड़ा को असली उड़ान : शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
21-Mar-26
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा एयरपोर्ट की स्वीकृति को लेकर पूर्व सांसद नकुलनाथ के बयान पर भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने करारा जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस एक बार फिर अधूरे तथ्यों और झूठे दावों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। श्री यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल में यदि वास्तव में एयरपोर्ट परियोजना को ठोस स्वीकृति और गति मिली होती, तो यह योजना वर्षों तक फाइलों में धूल नहीं खाती रहती। कांग्रेस ने हमेशा की तरह घोषणाओं का शोर मचाया, लेकिन जमीनी हकीकत में विकास शून्य रहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि छिंदवाड़ा एयरपोर्ट सहित जिले की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वास्तविक गति और दिशा भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मिली है। भाजपा ने केवल कागजी खानापूर्ति नहीं की, बल्कि अटकी हुई फाइलों को आगे बढ़ाकर विकास कार्यों को धरातल पर साकार किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति “काम कम, प्रचार ज्यादा” के सिद्धांत पर चलती है। चुनाव आते ही कांग्रेस नेता पुराने अधूरे कार्यों पर अपना नाम चिपकाने की कोशिश करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि उन्हीं की नीतियों के कारण वर्षों तक विकास बाधित रहा।

उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में वर्षों से एक ही परिवार के इर्द-गिर्द राजनीति सिमटकर रह गई है। योग्यता और जनसेवा की भावना रखने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर केवल परिवार विशेष को आगे बढ़ाने की परंपरा ने कांग्रेस को कमजोर किया है। यही कारण है कि जनता अब परिवारवाद की राजनीति को नकारते हुए विकास और पारदर्शिता की दिशा में आगे बढ़ रही है।

श्री यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता अब पूरी तरह जागरूक है और वह जानती है कि किसने विकास किया और किसने सिर्फ राजनीतिक स्वार्थ साधे। शेषराव यादव ने कहा कि अब जनता झूठे दावों और राजनीतिक नौटंकी के जाल में नहीं फंसने वाली। आने वाले समय में छिंदवाड़ा की जनता विकास और सच्चाई के आधार पर ही अपना स्पष्ट और निर्णायक फैसला देगी।
Share News On