कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर: शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
30-Apr-26
छिंदवाड़ा
पूर्व सांसद नकुलनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति आज पूरी तरह विरोधाभास और अवसरवाद की शिकार हो चुकी है। एक ओर कांग्रेस के शीर्ष नेता वर्षों से अदाणी समूह को लेकर देशभर में भ्रम फैलाते रहे, वहीं दूसरी ओर कमलनाथ उसी समूह के साथ हुई चर्चाओं को आज विकास की उपलब्धि बताने में लगे हैं। यह कांग्रेस के दोहरे चरित्र का सबसे स्पष्ट उदाहरण है।

शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस को पहले यह तय करना चाहिए कि अदाणी देश के लिए खतरा हैं या फिर विकास के भागीदार? जनता को भ्रमित करने वाली राजनीति अब नहीं चलने वाली। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल बयानबाजी नहीं करती, बल्कि ठोस निर्णय लेकर उन्हें जमीन पर उतारती है। छिंदवाड़ा सहित पूरे प्रदेश में अधोसंरचना, बिजली, सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं। वर्षों से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता देकर पूरा किया जा रहा है और निवेश को आकर्षित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।
श्री यादव ने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए केवल बड़े-बड़े दावे करना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसके लिए स्पष्ट और प्रभावी उद्योग नीति बनानी पड़ती है तथा उसका ईमानदारी से क्रियान्वयन भी करना पड़ता है। केवल हीरो-हिरोइनों के साथ मंच साझा कर या उनके कमर में हाथ डालकर तस्वीरें खिंचवा लेने से उद्योग नहीं आते और न ही क्षेत्र का विकास होता है। निवेश वहां आता है जहां सरकार की नीयत साफ हो, नीति मजबूत हो और प्रशासनिक व्यवस्था उद्योगों के प्रति भरोसा पैदा करती हो।