कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं: नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
30-Apr-26
छिन्दवाड़ा
शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ ने संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त करने पर जोर देते हुए कहा कि वार्डों में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रियता नितांत आवश्यक है। सभी पार्षदगण की भी जिम्मेदारी है कि वे सजगता व सक्रियता के साथ कार्य करें। निगम क्षेत्र की तमाम समस्याएं लगातार सामने आ रही। सुधार के प्रयास शून्य है ऐसे में जिम्मेदारी बनती है कि जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं साथ ही अपनी बात भी जनता के बीच में रखें।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की सरकार को घेरा
बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की सरकार को घेरते हुए कहा कि महिला आरक्षण पर भाजपा देश को गुमराह कर रही है। भाजपा द्वारा महिला आरक्षण को लेकर लगातार झूठा भ्रम फैलाया जा रहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन नहीं किया, इसलिए संसद में विधेयक पारित नहीं हो सका। महिला आरक्षण अधिनियम (नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023) 128 वां संविधान संशोधन सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों में पारित हो चुका है तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस पर हस्ताक्षर कर चुकी हैं तथा यह कानून भी बन चुका है। उन्होंने कहा, ”भाजपा 2023 के आरक्षण कानून को क्यों लागू नहीं कर रही है? इस कानून के आधार पर तुरंत आरक्षण प्रभावी हो सकता है। भाजपा ने 16 अप्रैल 2026 को जो विधेयक संसद में प्रस्तुत किया वह महिला आरक्षण के संदर्भ में नहीं है। भाजपा महिला आरक्षण को मुखौटा बनाकर परिसीमन संशोधन विधेयक तथा केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक को पारित करवाना चाहती थी।

आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा अब तक वार्डों में किए गए गठन, नियुक्तियां व पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद स्वयं की नियुक्ति के प्रति कमलनाथ एवं नकुलनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में सभी को मौका मिलता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि शहर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनूंगा लेकिन यह सम्भव हुआ। इसीलिये मेरा सभी से आग्रह है कि हमारी पहली जिम्मेदारी कांग्रेस को मजबूत करना है। आयोजित बैठक में शहर कांग्रेस के पांचों उप ब्लॉक अध्यक्षगण, कार्यकारी अध्यक्षगण, समस्त पार्षदगण, शहर कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्तागण सहित कांग्रेस के विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।