भाजपा सरकार के खिलाफ जुन्नारदेव में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
महंगाई सहित जनपद पंचायत जुन्नारदेव में जारी अनियमितता के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
छिन्दवाड़ा
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव ने गैस सिलेंडर की मूल्यवृद्धि एवं अपर्याप्त उपलब्धता, बिजली दरों में अप्रत्याशीत वृद्धि, पेट्रोल, डीजल की कमी सहित जनपद पंचायत जुन्नारदेव में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश फूटा। कांग्रेसजन ने जुन्नारदेव बाजार चौक में धरना देकर बढ़ती हुई महंगाई का व अनियमितता का जमकर विरोध किया। नारेबाजी करते हुए मौके पर उपस्थित हुए तहसीलदार को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन में रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के बढ़े हुए मूल्य के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए आवश्यक वस्तुओं के बढ़े हुए मूल्यों को तत्काल वापस लेने की मांग की। ताकि आमजन को महंगाई से राहत मिल सके। लगातार बढ़ती कीमतों के चलते आम लोग परेशान व त्रस्त है। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत जुन्नारदेव में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा कि मनरेगा में कार्यरत मजदूरों एवं मटेरियल का लम्बित भुगतान करने, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्रामीणों को पेयजल न मिलने एवं कार्य पूर्ण किए बिना ग्राम पंचायतों को दबाव बनाकर हैंडओवर करने, ग्राम पंचायत नजरपुर मोक्षधाम हेतु पट्टे की कार्यवाही वर्षों से लम्बित है जिसके कारण कार्य बाधित है। ग्राम माण्ढई के सरपंच द्वारा विगत दिनों आत्महत्या की गई जिसकी निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, ग्राम पंचायत पालाचौरई में हड़ताल के बाद की गई कार्यवाही से अवगत कराने के साथ ही तकनीकी स्वीकृति के लिए ग्राम के सरपंच और सचिवों को परेशान किए जाने सहित अन्य विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
नगरपालिका जुन्नारदेव द्वारा घोषित अवैध कॉलोनियों में जारी निर्माण व विकास कार्य की जांच, अम्बेड़कर चौक के आस-पास हाई मास्क की व्यवस्था शीघ्र किए जाने, मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने, शहर में स्वच्छता के नाम पर नालियों में पासरी गंदी से जनता को निजात दिलाने, जल जीवन मिशन के तहत टंकी एवं पाइप लाइन विस्तार सहित अन्य घटिया निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर जुन्नारदेव ब्लॉक कांग्रेस ने जुन्नारदेव बाजार चौक पर धरना दिया।
आयोजित धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, विधानसभा प्रभारी गोविंद राय, अरुण साहू, घनश्याम तिवारी, छोटू पाठक अरुणेश जायसवाल, डी.आर बोनिया बीएल तागड़ी, अशोक विश्वकर्मा, रमेश राय, सुधीर लदरे, राजेश पाटील, राज़ुद्दीन सिद्दीकी यशदीप साहू सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन व मोर्चा संगठन के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।