Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने चौरई व हर्रई में ली बैठक

कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने चौरई व हर्रई में ली बैठक
छिंदवाड़ा
27-Jun-25
संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस नेताओं में बंधी आस

छिंदवाड़ा

संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के दीर्घकालिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अभियान ना केवल संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समस्त स्तरों पर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही एक नई ऊर्जा व उत्साह प्रदान करेगा। उक्त उदगार पर्यवेक्षकों के दल ने चौरई व हर्रई में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक व व्यक्तिगत चर्चा के दौरान व्यक्त किए।
संगठन सृजन अभियान के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों के दल ने चौरई विधानसभा के ब्लॉक चौरई के सभी अनुसांगिक संगठनों, समस्त प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली, जिसमें उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक बिन्दुओं पर चर्चा की। पर्यवेक्षक संजय कपूर ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का संगठन सृजन अभियान के माध्यम से संगठन के नव सृजन पर ध्यान केन्द्रित है। पर्यवेक्षक सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि संगठित होकर ही सृजन संभव है। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ के सतत प्रयासों से छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस संगठित व सृजित होने के साथ ही सक्रिय भी है, इसके प्रमाण विगत दौरे व गत बैठकों में सामने आ चुका है।
पर्यवेक्षक सुनील जायसवाल ने कहा कि कमलनाथ ने अपने जीवन के 46 वर्षों में संगठन को सशक्त करने का काम किया है। उनके नक्शे कदम पर चलते हुए नकुलनाथ भी जिला कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त करने में सतत सक्रिय है, हमें आवश्यकता है नेताद्वय की मंशा पर खरा उतरने की। पर्यवेक्षक अभिनव ढिमोले ने सभी को एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया ताकि कांग्रेस को और अधिक मजबूत कर सकें।  

धीरज सूर्यवंशी बने कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग जिलाध्यक्ष

जिला कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को अपनी टीम के साथ कांग्रेस की जनहितेषी कार्यों व वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष धीरज सूर्यवंशी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।  नियुक्ति पर कांग्रेस परिवार के सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
Share News On