Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने किया आक्रामक आंदोलन

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने किया आक्रामक आंदोलन
छिंदवाड़ा
30-Mar-26
शहर कांग्रेस कमेटी ने उठाया आवश्यक वस्तुओं के बढ़े हुए मूल्य, कालाबाजारी का मुद्दा

महात्मा गांधी चौक पर जनविरोधी सरकार के खिलाफ जमकर गरजे कांग्रेस के जनप्रतिनिधि

छिन्दवाड़ा 

आम जनता पर बढ़ते महंगाई के बोझ, आवश्यक वस्तुओं की अपर्याप्त उपलब्धता और कालाबाजारी के खिलाफ छिन्दवाड़ा शहर कांग्रेस कमेटी ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रगट किया। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर के महात्मा गांधी चौक पर आंदोलन का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने जनविरोधी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल के बढ़े हुए मूल्य, अपर्याप्त उपलब्धता और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण जमकर गरजे। आंदोलन के उपरांत कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।   

प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण ने बढ़ती महंगाई व जिले में व्याप्त अराजकता, दिन प्रतिदिन बिगड़ती सामाजिक व्यवस्था की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए विनम्र आग्रह किया कि प्रस्तुत ज्ञापन में अधो लिखित बिंदुओं पर गौर कर जनहित में तत्काल निर्णय लेकर जिम्मेदारों को दिशा निर्देश दिया जाए। ताकि समय रहते जनता को महंगाई, कालाबाजारी और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु की उपलब्धता समय पर व निर्बाध्य रूप से होती रहे इस दिशा में अविलम्ब व ठोस कदम उठाए ताकि जनता को परेशानियों से राहत मिल सके। बढ़ी हुई कीमतों के साथ ही आम जनता कालाबाजारी का शिकार होकर रसोई गैस दोगुनी कीमतों पर खरीदने को मजबूर है। इसीलिये जनहित में सर्वप्रथम कालाबाजारी को रोकने की दिशा में कार्य करें।   
 
प्रस्तुत ज्ञापन में कांग्रेस ने उठाई यह मांगें

वर्तमान की मोहन सरकार द्वारा जारी विज्ञापनों में देश में अग्रणी दिखाया जा रहा है उसी देश के मध्य में स्थिति छिन्दवाड़ा जिला महंगाई, आवश्यक वस्तुओं की अपर्याप्त उपलब्धता व जारी कालाबाजारी से त्रस्त है। वर्तमान में छिन्दवाड़ा जिले में पेट्रोल सादा प्रति लीटर 108 रुपए, पॉवर पेट्रोल 117.29 रुपए एवं डीजल प्रति लीटर 93 रुपयों तक पहुंच चुका है। दाम बढ़े हुए है और उपलब्धता अपर्याप्त है जिसके चलते आम लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।  

घरेलू उपयोग में आने वाली रसोई गैस के दाम हजार रुपए तक पहुंच चुके हैं। उपलब्धता अपर्याप्त है जिसका फायदा उठाकर जमाखोरी और कालाबाजारी चरम पर है। इस ओर सरकार का जरा भी ध्यान नहीं है और आम आदमी लुट रहा है। हाल ही में नागपुर-छिन्दवाड़ा नेशनल हाईवे पर ग्राम चिखली के पास सीएम मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक यात्री बस दुर्घटना का शिकार हुई थी जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिली है। घायलों के उपचार में सतत रूप से लापरवाही बरती जा रही है।

जिले में महिलाओं से हो रहे दुर्व्यवहार बढ़ती बेरोजगारी की समस्या ने आज एक विकराल रूप ले लिया है, जिस पर तत्काल अंकुश लगाना प्रदेश की जिम्मेदारी है। माननीय हमारे नगरीय क्षेत्र में इन सभी समस्याओं के निदान हेतु होर्डिंग और बैनर तो लगाए गए हैं परन्तु कार्यालयीन प्रक्रियाओं में यह सभी घोषणाएं निरंक है।

प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से शहर कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा गम्भीरतापूर्वक यह निवेदन किया कि सम्पूर्ण मप्र व देश के मॉडल छिंदवाड़ा जिले के साथ यदि केन्द्र व राज्य सरकार यह दुर्व्यवहार करेगी तो निश्चित ही किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों व हर वर्ग के पीड़ित व्यक्तियों द्वारा आगामी समय में और एक वृहद आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदार जिला प्रशासन सहित राज्य सरकार व केन्द्र सरकार होगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप इन माननीय मूल्यों का गम्भीरतापूर्वक अवलोकन कर त्वरित निर्णय लेंगे।

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो व शहर कांग्रेस के पांच उप ब्लॉक के अध्यक्षगण, नेता प्रतिपक्ष, समस्त कांग्रेस पार्षदगण, शहर कांग्रेस सहित कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Share News On