निगम अध्यक्ष सोनू मांगों के नेतृत्व में कांग्रेस ने चलाया सफाई अभियान
छिंदवाड़ा
04-Feb-26
भाजपा जनता से वसूल रही भारी टैक्स, कांग्रेस शहर में पसरे कचरे को समेट रही
छिन्दवाड़ा
भाजपा जनता की जेब से भारी टैक्स वसूलकर भी स्वच्छ व साफ सुथरा वातावरण नहीं दे पा रही। इसकी वजह भी साफ है, सत्ताधारी दल को जनता की नहीं टैक्स की फिक्र है, इसीलिये कांग्रेस के द्वारा बार-बार विरोध करने के बावजूद भी भाजपा शासित निगम ने जन-जन पर टैक्स का बोझ डाला। जिसका कांग्रेस के पार्षदगण लगातार विरोध कर रहे हैं। स्वच्छता कर, जलकर और सम्पत्ति कर सहित निगम को अन्य स्त्रोतों से भी आय हो रही फिर भी कर्मचारियों को विगत 2 माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। वे अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर है और शहर की सफाई व्यवस्था चौपट हो चुकी।
निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यकाल में कभी भी जनता पर टैक्स का बोझ नहीं डाला गया। उन्होंने हमेशा ही न्यूनतम टैक्स पर जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है, किन्तु आज हालात यह है कि भाजपा शासित निगम के द्वारा भारी भरकम टैस वसूला जा रहा और सुविधाएं शून्य है। कभी सफाई नहीं तो कभी शहर में कचरा उठाने वाले वाहन नहीं चलते। आग बुझाने के लिए पर्याप्त दमकल नहीं है।
भाजपा के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी निगम में कार्यरत कर्मचारियों को विगत 2 माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन के अभाव में उनका भरण-पोषण व परिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा। नियम खर्च के लिए राशि नहीं है। आवेदन व निवेदन कर थक चुके कर्मचारियों ने विवश होकर हड़ताल प्रारंभ की जिसका कांग्रेस के समस्त पार्षदगण ने समर्थन किया। सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। जगह-जगह गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। गली-मोहल्लों में कचरे का ढेर लग चुका है और भाजपा सिर्फ टैक्स की राशि समेटने में जुटी है।
निगम अध्यक्ष के नेतृत्व में चला सफाई अभियान
नगर पालिक निगम अध्यक्ष सोनू मागो के नेतृत्व में कांग्रेस ने सफाईकर्मियों के सम्मान व भाजपा सरकार के विरोध में सफाई अभियान चलाया। शहर के गोलगंज से प्रारंभ हुआ सफाई अभियान गांधी चौक होते हुए पानी टंकी, सब्जी मंडी से होकर एसडीएम कार्यालय व कलेक्ट्रेट परिसर से होकर कलेक्ट्रेट बंगाला रोड होते हुए निगम कार्यालय पहुंचा। कांग्रेस के पार्षदगण चिंटू काले, टिंकू राय, आशुतोष श्रीवास्तव, राहुल मालवीय, नदीम अहमद, प्रबल सक्सेना, वेदांत दुबे व नारू सोनी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सफाई कर कचरा इक्ट्ठा कर भाजपा सरकार को संदेश दिया कि जनता से सिर्फ टैक्स ना समेटे आवश्यकता पढ़ने पर शहर से कचरा भी समेटे तभी ग्रीन छिन्दवाड़ा….क्लीन छिन्दवाड़ा का सपना साकार होगा। जनता से वसूले से जा रहे टैक्स के बदले सुविधाएं भी दें, नियमित कार्य करने वाले कर्मचारियों को वेतन का समय पर भुगतान भी करें, इसमें चुंगी कर का रोना ना रोया जाए, क्योंकि उनका भी घर और परिवार है।