विकास की गति से घबराई कांग्रेस, महंगाई के नाम पर फैला रही भ्रम: डेहरिया
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
छिंदवाड़ा
कांग्रेस द्वारा महंगाई एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर किया गया आंदोलन पूर्णतः प्रायोजित, तथ्यहीन एवं राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है। यह आंदोलन जनसरोकारों की वास्तविक चिंता नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख कांग्रेस की घबराहट का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

उक्त आशय के विचार व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश डेहरिया ने कहा कि जिन नेताओं ने वर्षों तक छिंदवाड़ा को अपने प्रभाव क्षेत्र के रूप में रखा, वे आज विकास के मुद्दों पर मौन रहकर केवल महंगाई का बहाना बनाकर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उनके शासनकाल में न तो उद्योगों का अपेक्षित विस्तार हुआ, न ही युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार सृजित किए गए और न ही ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास हो सका।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएँ जैसे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत निःशुल्क राशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं किसान सम्मान निधिकृने गरीब, वंचित एवं अनुसूचित जाति वर्ग को वास्तविक राहत प्रदान की है। इसके विपरीत कांग्रेस का आंदोलन केवल दिखावटी सहानुभूति और राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है।
श्री डेहरिया ने छिंदवाड़ा के संदर्भ में कहा कि वर्षों तक कांग्रेस के प्रभाव के बावजूद जिले में औद्योगिक निवेश, उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती तथा सड़क एवं अधोसंरचना विकास की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी। आज जब भाजपा सरकार इन क्षेत्रों में ठोस कार्य कर रही है, तब कांग्रेस को यह जनहितकारी परिवर्तन असहज कर रहा है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जागरूक जनता विकास बनाम भ्रम की इस लड़ाई में पूरी तरह सजग है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक माध्यम से कांग्रेस को करारा जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध है।