जनसमर्थन को ‘दबाव’ बताना कांग्रेस की हताशा का परिणाम: अजय सक्सेना
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
छिंदवाड़ा
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कांग्रेस विधायक द्वारा लगाए गए आरोप पर पलटवार किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि कांग्रेस विधायक द्वारा लगाए आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा से प्रेरित हैं। भाजपा पर इस प्रकार के आरोप लगाकर कांग्रेस अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता भली-भांति समझती है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री की सभा में उमड़ने वाली भीड़ किसी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार के प्रति जनता के अटूट विश्वास और समर्थन का प्रमाण है। भाजपा की राजनीति सेवा, विकास और जनकल्याण पर आधारित है, जबकि कांग्रेस आज भी भ्रम और आरोपों की राजनीति में उलझी हुई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की किसी भी योजना के लाभ से किसी नागरिक को वंचित करने जैसी बात पूर्णतः असत्य और निराधार है। भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। कांग्रेस द्वारा इस प्रकार के झूठे आरोप लगाना उनकी गिरती राजनीतिक जमीन का परिचायक है।
दुर्घटना जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना कांग्रेस की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। भाजपा के जनप्रतिनिधि हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। कांग्रेस को चाहिए कि वह निराधार आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करे और सकारात्मक राजनीति अपनाए। श्री सक्सेना ने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी और ऐसे भ्रामक प्रचारों से विचलित नहीं होगी।