संगठन सर्वाेपरि संकल्प के साथ भाजपा का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न
छिंदवाड़ा
31-Mar-26
कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
छिंदवाड़ा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय द्वितीय प्रशिक्षण वर्ग 31 मार्च को स्थानीय अग्रवाल पैलेस में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग में जुन्नारदेव नगर, दमुआ नगर, छिंदवाड़ा ग्रामीण, पटपड़ा मंडल, खमारपानी मंडल एवं अमरवाड़ा ग्रामीण के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का प्रारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, लगन और परिश्रम के साथ करना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, समर्पण और व्यवहार से होती है, जो समय के साथ स्थायी रूप से स्थापित होती है।
जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने प्रथम दिवस के अपने उद्बोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत आज भी पूर्णतः प्रासंगिक हैं। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ की विचारधारा को भारतीय जनता पार्टी की मूल प्रेरणा बताते हुए कहा कि यह विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करती है।
संभागीय प्रभारी विजय झांझरी ने प्रशिक्षण वर्ग की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो कार्यकर्ताओं के सर्वांगीण विकास हेतु नियमित प्रशिक्षण का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी उसी को दी जाती है, जो उसे निभाने की क्षमता रखता है।
संभागीय सह प्रभारी गजानन पंचेश्वर ने प्रशिक्षण कार्यशाला की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी देते हुए संगठन की पंचनिष्ठा एवं वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर शैलेन्द्र पटेल, कार्यविस्तार की हमारी दृष्टि पर योगेन्द्र राणा, बूथ प्रबंधन पर भारत घई, सोशल मीडिया, ए आई, नमो ऐप, संगठन ऐप पर अजय सक्सेना, भाजपा का इतिहास और विकास पर टीकाराम चंद्रवंशी, हमारी कार्यपद्धति राजेश सिंह बैस, केंद्र सरकार की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन पर विजय पांडे द्वारा संबोधित कर जानकारी दी गई। समापन सत्र को भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने संबोधित किया।
प्रशिक्षण में आगंतुकों का आभार प्रदर्शन श्रीमती भारती साहू द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंच संचालन प्रियवर सिंह ठाकुर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, संभागीय प्रभारी विजय झांझरी, सह प्रभारी गजानन पंचेश्वर, जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला महामंत्री एवं जिला प्रशिक्षण संयोजक कमलेश उईके, सह संयोजक प्रियवर सिंह ठाकुर, राजेश श्रीवास्तव, श्रीमती भारती साहू तथा जिला तकनीकी सह-प्रमुख पीयूष बत्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।