गैस कीमतों पर भ्रम फैलाकर राजनीति कर रही कांग्रेस: श्रीमती नीलू निर्मलकर
छिंदवाड़ा
08-Mar-26
छिंदवाड़ा
रसोई गैस की कीमतों को लेकर महिला कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री श्रीमती नीलू निर्मलकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस एक बार फिर तथ्यों को नजरअंदाज कर केवल राजनीतिक लाभ के लिए प्रदर्शन कर रही है। भाजपा जिला मंत्री श्रीमती नीलू निर्मलकर ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय और आर्थिक कारण होते हैं। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा एलपीजी के रूप में आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में वृद्धि, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में बाधाएं, डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में उतार-चढ़ाव और परिवहन लागत में बढ़ोतरी जैसे कारणों का सीधा प्रभाव घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि हाल के समय में वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई अस्थिरता, अंतरराष्ट्रीय तनाव और परिवहन लागत में बढ़ोतरी जैसे तात्कालिक कारणों के चलते गैस सिलेंडर की कीमतों में परिवर्तन हुआ है। यह केवल भारत की स्थिति नहीं है, बल्कि दुनिया के कई देशों में ऊर्जा संसाधनों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। भाजपा जिला मंत्री श्रीमती नीलू निर्मलकर ने कहा कि इसके साथ ही कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और भ्रामक प्रचार के कारण कई स्थानों पर रसोई गैस की मांग अचानक बढ़ी है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर अस्थायी दबाव पड़ा है। इस प्रकार की अफवाहें और गलत जानकारी फैलाकर कांग्रेस आम जनता में अनावश्यक चिंता पैदा करने का काम कर रही है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि कांग्रेस आज अपने ही बुद्धिमान और अनुभवी वरिष्ठ नेतृत्व को दरकिनार कर केवल राहुल गांधी के बचकाने मार्गदर्शन पर चल रही है। यही कारण है कि बिना तथ्य और जानकारी के इस प्रकार के प्रदर्शन करने के अलावा कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा या सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है। भाजपा जिला मंत्री श्रीमती नीलू निर्मलकर ने कहा कि इसके बावजूद केंद्र सरकार गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें धुएं से मुक्ति और सम्मानजनक जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की नीति पर काम कर रही है। कांग्रेस को चाहिए कि वह भ्रम फैलाने और अनावश्यक राजनीति करने के बजाय देश और समाज के हित में रचनात्मक भूमिका निभाए।