Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

आदिवासियों पर बढ़ते अपराध व अनाचार पर कांग्रेस का आक्रोश

आदिवासियों पर बढ़ते अपराध व अनाचार पर कांग्रेस का आक्रोश
छिंदवाड़ा
19-Jun-25
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के पीड़ित आदिवासी परिवारों को न्याय दिलाने की रखी मांग

छिन्दवाड़ा

भाजपा की सरकार में आदिवासी हर स्तर पर शोषित होकर पीड़ित बन रहा है। जिले के जिम्मेदार व शासन-प्रशासन पूरी तरह से मौन बना हुआ है जिसके चलते  अपराधियों के हौसले दिन पर दिन बुलंद हो रहे। विगत कुछ दिवसों में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले में आदिवासी परिवारों के साथ हुई आपराधिक वारदातों से आदिवासी समाज आक्रोशित है। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने व आपराधियों पर ठोस कार्रवाई की लगातार मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर उचित कार्रवाई के लिए मांग की।
कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के द्वारा जिला कलेक्ट्रेट में राज्यपाल के नाम प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से कहा कि मप्र में आदिवासियों के साथ शोषण, अत्याचार दुष्कर्म सहित अन्य जघन्य वारदातें लगातार बढ़ रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रही ना ही कोई कार्रवाई कर रही है। खण्डवा, सिवनी, मण्डला, बालाघाट व डिण्डौरी सहित अब छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले में आदिवासियों पर जघन्य अपराध घटित हुए हैं और कार्रवाई शून्य है। गत दिवस पांढुर्ना जिले के निवासी आदिवासी भाऊराव उइके को झूठे प्रकरण में फंसाकर उसके साथ पुलिस अभिरक्षा में बुरी तरह मारपीट की गई जिससे उसकी जिला जेल में मौत हो गई। छिन्दवाड़ा जिले के तामिया ब्लॉक में दो दबंग साहू परिवार के युवाओं ने आदिवासी परिवार की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी। नवेगांव थाना अंतर्गत नाबालिग बच्ची के साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया। आरोपी आज भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जुन्नारदेव में दो अलग-अलग दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। चौरई थाना अंतर्गत राजलवाड़ी में दो दबंग लोगों ने आदिवासी युवक को अर्धनग्न कर घुमाया और मारपीट की गई। सम्पूर्ण प्रकरणों ने यह साबित कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। पुलिस और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी हाथ में हाथ बांधकर बैठे हैं। कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ ने सम्पूर्ण आपराधिक मामलों के आरोपियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की है साथ ही अविलम्ब कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे, कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्री रामनारायण परतेती, शहर कांग्रेस के प्रभारी धर्मेन्द्र सोनू मांगो, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, अशोक उइके, शिवकुमार सिरसाम, ब्रजकुमारी सरयाम, संतोष भारती, स्नेह सरेयाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
Share News On