स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस ने ध्वजारोहण कर मनाया आजादी पर्व
राजनीति
16-Aug-26
छिन्दवाड़ा

जिला मुख्यालय सहित ब्लॉक मुख्यालयों पर कांग्रेस ने आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस को पूर्ण हर्षाेल्लास व धूमधाम से मनाया। पूर्व से निर्धारित स्थानों पर ध्वजारोहण करने के उपरांत स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों के चरणों में नतमस्त हुये कांग्रेसजन ने स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी को याद किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा में राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कर समस्त जनमानस को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दी। ब्लॉक मुख्यालयों पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। शहर के अन्य चार स्थानों पर पृथक-पृथक ध्वजारोहण संगठन के ही अन्य पदाधिकारियों ने किया। कांग्रेस के व्यक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों को सम्बोधित करते हुये कहा कि आजादी के उपरांत कांग्रेस के समक्ष अनेक चुनौतियां थी जिसे पार करते हुये कांग्रेस के प्रतिनिधियों के नेतृत्व में देश ने उत्तरोत्तर उन्नति व प्रगति की है।
कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस पर सर्वप्रथम कांग्रेस कार्यालय, तत्पश्चात महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक), नेहरू जी की प्रतिमा के समक्ष व छोटी बाजार जय स्तम्भ के समीप व गांधी गंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष ध्वजारोहण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मप्र कांग्रेस कमेटी के संदेश का वाचन कर उसे जन-जन तक पहुंचाया। शहर के समस्त पांच स्थानों पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम में जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, जिला महिला कांग्रेस, शहर महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई व समस्त विभाग, मोर्चा, संगठन एवं प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।