Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कांग्रेस का आरोप, चांद क्षेत्र में भाजपा नेता कर रहे अवैध रेत का कारोबार

कांग्रेस का आरोप, चांद क्षेत्र में भाजपा नेता कर रहे अवैध रेत का कारोबार
राजनीति
11-Jun-26
प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई के खिलाफ राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास

छिन्दवाड़ा

चांद से जुड़े भाजपा जिला उपाध्यक्ष और उनकी चौकड़ी क्षेत्र में किसान भाइयों की आड़ लेकर रेत का अवैध उत्खन्न व परिवहन कर रहे हैं। रेत का भण्डारण और विक्रय भी इन्हीं के द्वारा किया जा रहा। खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सीधे कार्रवाई की तो अवैध कारोबार में जुटे भाजपाई तिलमिला उठे। प्रशासनिक अमले पर दबाव बनाने के लिए किसानों की आड़ लेकर पुलिस थाना के सामने चक्का जाम व प्रदर्शन कर पूरे मामले की सच्चाई को दबाने में जुट गए। उक्त उदगार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गुंजन शुक्ला ने खनिज विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद सड़क पर आए भाजपाईयों के खिलाफ व्यक्त किए।

श्री शुक्ला ने जारी बयान में आगे कहा कि संसदीय क्षेत्र छिन्दवाड़ा के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि अपराध भी भाजपा के नेता ही कर रहे और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन भी वे ही लोग कर रहे क्योंकि जब अधिकारी राजनीतिक दबाव में नहीं आते तो वे सड़क पर आ जाते हैं, ताकि दबाव बनाकर किसी  ना किसी माध्यम से अवैध कारोबार संचालित होता रहे। प्रशासनिक अमले पर धमकी और दबाव बेअसर रहा तो उन्होंने चक्का जाम और प्रदर्शन का सहारा लिया। इस क्षेत्र में सतत रूप से रेत का अवैध खनन और परिवहन पूरे चरम पर चलता रहा, किसी भी भाजपाई ने विरोध दर्ज नहीं कराया, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई होते ही भाजपा नेताओं ने किसानों की आड़ लेकर पुलिस और खनिज विभाग पर दबाव बनाने के लिए चक्का जाम कर दिया कि प्रशासनिक टीम ने गलत कार्रवाई की है, जबकि कार्रवाई तथ्यों के आधार पर पूर्णतरू निष्पक्ष की गई है। बताया जा रहा है कि जिन ट्रैक्टरों को जब्त किया है उनसे रेत माफिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के लिए रेत इक्ट्‌ठा की जाती है, फिर ये लोग रेत बेचा करते हैं। इनका मुख्य व्यवसाय ही रेत का अवैध कारोबार है।

श्री शुक्ला ने कहा कि कार्रवाई के तत्काल बाद टीम पर राजनीतिक दबाव भी बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन कार्रवाई की जानकारी उजागर हो चुकी थी, जिसके चलते मामला बनाना पड़ा और प्रशासनिक अमला दबाव में नहीं आया। किसान भाइयों की आड़ लेकर अवैध कारोबार करना और किसान भाइयों को बदनाम करने वाले भाजपा नेता के खिलाफ प्रदेश की भाजपा सरकार और जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करें ताकि इनकी गुंडागर्दी और तानाशाही से क्षेत्र में फैले भय और रेत के अवैध कारोबार से हो रही परेशानियों से जनता को मुक्ति मिले।
Share News On