Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भाजपा का आम जनता से जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर

भाजपा का आम जनता से जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
राजनीति
11-Jun-26
मासिक जिला कामकाजी बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर की चर्चा

छिंदवाड़ा

भाजपा की मासिक जिला कामकाजी बैठक गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू एवं विधायक कमलेश शाह की विशेष उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अब तक आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों का संचालन पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ किया जाए। मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी नियमित रूप से मंडल बैठकों में उपस्थित रहें तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। 

सांसद विवेक बंटी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास की झलक आज गांव-गांव में स्पष्ट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान यह अनुभव हुआ कि प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी सरकारी योजना से लाभान्वित हो रहा है। गांवों की तस्वीर बदल रही है और विकास की धारा अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतत जनसंपर्क एवं नवाचारों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने बैठक में कहा कि 13 जून को स्थानीय शांतिनाथ लॉन में दोपहर 3 बजे प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित मोहन नागर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल एवं बूथ स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही वर्षाकाल के दौरान वृक्षारोपण अभियान को भी बूथ स्तर तक निरंतर संचालित किया जाएगा।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, विश्वास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी कार्यक्रम के जिला संयोजक नीरज भारद्वाज द्वारा प्रस्तुत की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कमलेश उईके ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री विजय पांडे द्वारा व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नत्थन शाह, लखन वर्मा, श्रीमती ज्योति डेहरिया, जिला टोली सदस्य नीरज भारद्वाज, शैलेन्द्र मालवी, श्रीमती वंदना विश्वकर्मा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला संयोजक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Share News On