Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 122 लोगों की समस्यायें

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 122 लोगों की समस्यायें
छिंदवाड़ा
01-Sep-26
छिन्दवाडा

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 122 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम पिण्डरईखुर्द की श्रीमती रेणुका चौरसिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण पत्र बनवाने, ग्राम मानेगांव की कु.श्रध्दा वर्मा ने नीट की तैयारी एवं उच्च शिक्षा के लिये आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम भाजीपानी के  अंतराम बट्टी ने भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम मऊ के श्री सेवकराम कड़वे ने अज्ञात कारणों से मकान में लगी आग से क्षति होने पर आर्थिक सहायता दिलाने, चौरई के वार्ड क्रमांक-7 की श्रीमती ममता डोंगरे ने अपनी पुत्री का जाति प्रमाण पत्र बनवाने, छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-10 की श्रीमती शीला सराठे ने अंत्येष्टि सहायता राशि दिलाने एवं छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक-34 माता मंदिर वार्ड के वार्डवासियों ने सड़क निर्माण कराने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह व डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।
Share News On