Home News Helpline Classified Jobs About Contact

हर्रई और चौरई के अधिकारियों को कलेक्टर ने लगाई फटकार

 हर्रई और चौरई के अधिकारियों को कलेक्टर ने लगाई फटकार
छिंदवाड़ा
23-Jul-26
कलेक्टर ने की नगरीय निकायों योजनाओं की समीक्षा 

छिन्दवाड़ा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिले की सभी नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 एवं 2.0, राजस्व वसूली, पीएम स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम), स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन तथा नगरीय निकायों के लिए भूमि आवंटन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला शहरी विकास अभिकरण के कमिश्नर सह परियोजना अधिकारी सी.पी. राय, जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं संबंधित उपयंत्री उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान कलेक्टर  नारायन ने नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि आवंटन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने चौरई एवं न्यूटन चिखली में लंबित भूमि आवंटन की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 की समीक्षा में हर्रई नगर परिषद की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण कार्य प्रारंभ अथवा पूर्ण नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार आरआरसी की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत लंबित डीपीआर की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राजस्व वसूली की समीक्षा में बिछुआ एवं चौरई नगरीय निकायों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत जिला शहरी विकास अभिकरण के सिटी मैनेजर को निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए । सांसद निधि एवं विधायक निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण को संबंधित नगरीय निकायों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिले की सभी नगरीय निकायों को ए ग्रेड प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री नारायन ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की। वहीं स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में अपेक्षित जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कार्यशाला आयोजित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Share News On