कलेक्टर के आदेश, तेज आवाज वाले डीजे किए जाएंगे जप्त
छिंदवाड़ा
04-May-26
मैरिज लॉनों पर रखी जाएगी कड़ी निगरानी
छिंदवाड़ा
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम धीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर कुमार जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन लॉन एवं मैरिज गार्डनों के पास वैध लाइसेंस नहीं हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील किया जाए। साथ ही जिन संस्थानों के पास लाइसेंस उपलब्ध हैं, उनसे निर्धारित मानकों के अनुसार ध्वनि नियंत्रण एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि प्रसारित करने वाले डीजे संचालकों एवं आयोजकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए । रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार का लाउडस्पीकर या डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रभावी निगरानी के लिए होगा संयुक्त दल का गठन
कलेक्टर श्री नारायन ने शहर में प्रभावी निगरानी के लिए एक संयुक्त गश्त दल गठित करने के निर्देश दिए। इस दल में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी शामिल रहेंगे, जो प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से शहर में भ्रमण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेंगे। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 एवं 285 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
शहरवासियों से अपील
कलेक्टर श्री नारायन ने छिंदवाड़ा शहरवासियों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करें, जिससे आमजन के स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े तथा शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।