Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक
छिंदवाड़ा
28-Jul-25
छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।


जर्जर स्कूल भवनों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश
स्कूलों की जर्जर स्थिति को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम आयुक्त एवं जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के प्रोजेक्ट ऑफिसर को निर्देशित किया कि ऐसे सभी स्कूल भवनों की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को 3 दिन में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया कि वर्तमान में किसी भी जर्जर भवन में कक्षाएं नहीं संचालित की जा रही हैं।

स्कूलों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें अधिकारी
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्कूलों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने पिछले सप्ताह किन-किन अधिकारियों ने निरीक्षण किया, इसकी जानकारी भी बैठक में ली।

50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों पर दें विशेष ध्यान
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि वे स्वयं यह देखें कि उनके विभाग में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतें कौन-कौन सी हैं। आगामी टीएल बैठक में यह प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए कि इन शिकायतों की उन्होंने स्वयं समीक्षा की है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि यदि किसी शिकायत का लंबित रहना किसी आवंटन संबंधी कारण से है, तो उस शिकायत की साप्ताहिक जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाए।

यूरिया स्टॉक पर ली जानकारी
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने उप संचालक कृषि एवं जिला विपणन अधिकारी से जिले में यूरिया की उपलब्धता एवं स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को यूरिया की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष अभियान
शासन से प्राप्त निर्देशों के अंतर्गत हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना पर चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

एक पेड़ माँ के नाम अभियान में लक्ष्य पूर्ति के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के लक्ष्यों की पूर्ति कम होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्टिकरण देने के निर्देश दिए तथा अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से करने को कहा।

वन अधिकार दावों को लेकर दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक सामुदायिक वन अधिकार दावे तैयार कर भेजें। उन्होंने कहा कि यदि हम ऐसे दावे नहीं भेजते, तो वास्तव में हम आदिवासी समुदायों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं। शासन की मंशा है कि आदिवासियों को उनका अधिकार मिले, लेकिन उसका सही क्रियान्वयन हम नहीं कर पा रहे हैं।

मोबाइल वेटरनरी यूनिट को एक्टिव रखने के निर्देश
जिला पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मोबाइल वेटरनरी यूनिट पूरी तरह सक्रिय रहे और जब भी कोई कॉल आए, तत्काल सेवाएं दी जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।

समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, प्रभारी एडीएम श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, उप संचालक सामाजिक न्याय पी.राजौदिया, आयुक्त नगर निगम सी.पी.राय सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।
Share News On