Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने बैठक में राजस्व कार्यों में गति लाने निर्देश दिए

कलेक्टर ने बैठक में राजस्व कार्यों में गति लाने निर्देश दिए
छिंदवाड़ा
25-Jul-25
3 प्रतिशत से कम प्रगति वाले अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

छिंदवाड़ा

कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं, अभियानों एवं प्रकरणों की अनुविभागवार और तहसीलवार गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े हर कार्य को गंभीरता से लें और बेहतर परिणामों के लिए सतत निगरानी रखें। कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी वसूली कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जहाँ से राजस्व नहीं मिल रहा, वहाँ कुर्की की कार्रवाई की जाए। जिन तहसीलों में वसूली 3 प्रतिशत से भी कम है, उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जो व्यक्ति सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बैठे हैं, उनके विरुद्ध सिविल जेल की कार्रवाई की जाए।


बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने प्राकृतिक आपदा जैसे करंट, सर्पदंश, दीवार गिरने आदि कारणों से हुई मृत्यु के प्रत्येक मामले का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह देखा जाए कि क्या समय रहते जान बचाई जा सकती थी और यदि हाँ, तो उन कारणों को भविष्य में दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतर सर्पदंश की घटनाएं जमीन पर सोने के कारण होती हैं, इसलिए विशेषकर बारिश के दौरान जमीन पर न सोने की अपील की जाए। ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर स्थानीय स्तर पर मुनादी कर जागरूकता अभियान चलाया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जिन हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी है, उनकी आईडी को एक सप्ताह के भीतर निष्क्रिय किया जाए।

ई-दक्ष प्रशिक्षण में सभी रीडर होंगे प्रशिक्षित,
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि राजस्व कार्यालयों में कार्यरत रीडर केवल कंप्यूटर ऑपरेटर पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं भी दक्ष हों। इसके लिए सभी रीडरों को ई-दक्ष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा के प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी राजस्व अधिकारियों की बैठक से पहले नामांतरण प्रकरणों का 85ः और बंटवारे का 80ः निराकरण अनिवार्य रूप से किया जाए।

फार्मर रजिस्ट्री एक सप्ताह में करें पूर्ण
जिले में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिन उपखंडों में यह कार्य अभी शेष है, वे एक सप्ताह के भीतर इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करें।

बैठक में प्रभारी अपर कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख एवं जिला लोक सेवा प्रबंधन प्रबंधक श्री मोहन प्रजापति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Share News On