Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

तहसील न्यायालय चौरई का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण

तहसील न्यायालय चौरई का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण
छिंदवाड़ा
30-Jul-25
अधिक प्रकरणों की सुनवाई के दिए निर्देश

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्‍द्र सिंह ने तहसील न्यायालय चौरई का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयीन कार्यप्रणाली, प्रकरणों की सुनवाई और उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि शासन के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार अब तहसील न्यायालय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहते हैं, ऐसे में पहले की तुलना में अब अधिक प्रकरणों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिये कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न निर्देश दिये, जिसके अनुसार न्यायालय के बाहर कॉज लिस्ट अनिवार्यतः चस्पा की जाये, न्यायालय प्रतिदिन प्रातः 10.30 बजे से प्रारंभ किए जाये । अनुपस्थित पक्षकारों को पुनः 02.00 बजे पुकारा लगवाया जाये, उसके बाद पुनः 04.00 बजे अंतिम पुकारा लगवाया जाये, अंतिम पुकारा में भी पक्षकार अनुपस्थित होने के बाद एकपक्षीय कार्यवाही की जाये, न्यायालयों में प्रतिदिन प्रकरण लगाए जाने की अधिकतम संख्या 100 प्रकरण प्रतिदिन तक बढ़ाई जाये, किसी भी न्यायालय में अपंजीकृत प्रकरण न हों, अधिक से अधिक प्रकरणों में निराकरण किया जाकर डिस्पोजल किया जाये । इन निर्देशों का जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों द्वारा अनिवार्यतः पालन किया जाये।


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जनता को न्याय सुलभ और समयबद्ध तरीके से मिले, इसके लिए अदालत की कार्यक्षमता में वृद्धि आवश्यक है। उन्होंने तहसीलदार सहित संबंधित राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि वे लंबित प्रकरणों का नियमित निपटान करें और नवीन प्रकरणों की संख्या में भी वृद्धि करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
Share News On