‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान अंतर्गत जिलेभर में होंगी स्वच्छता गतिविधियां
छिंदवाड़ा
01-Oct-26
स्वच्छताकर्मियों का होगा सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए दिलाई जाएगी शपथ

छिन्दवाडा अपडेट
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर में स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश देना है।
जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 7.30 बजे जिला अस्पताल के गेट नंबर-1, अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास से किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा शहरवासी सहभागिता करेंगे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी सेवा कार्य किए जाएंगे और लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छताकर्मियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए शपथ दिलाई जाएगी। जिला प्रशासन एवं नगर निगम छिंदवाड़ा ने जिले और शहरवासियों से अपील की है कि वे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त छिंदवाड़ा के निर्माण में अपना योगदान दें।