शहर कांग्रेस ने उपवास रखकर गांधी चौक पर दिया धरना
छिंदवाड़ा
17-Jan-26
इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत व मनरेगा में बदलाव का किया विरोध
छिन्दवाड़ा
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई निर्दाेष लोगों की मौत एवं मनरेगा में किए गए बदलाव के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी ने उपवास रखकर गांधी चौक (फव्वारा चौक) पर धरना दिया। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं नकुलनाथ व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार निर्धारित समय से उपवास व विरोध में धरना प्रारंभ किया गया। रामधुन के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया।

भाजपा सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में बदलाव कर काम के कानूनी अधिकार को समाप्त करने एवं इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीले पानी से हुई मौतों तथा प्रदेश में पानी की गुणवत्ता को लेकर व्यापक स्तर पर विरोध किया। शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौक पर सामूहिक उपवास रखकर धरना दिया गया। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पप्पू यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार जनता को शुद्ध पानी तक नहीं पिला पा रही और बातें बड़ी-बड़ी करती है। सरकार के कार्यों की पोल खोलने के लिए यह पर्याप्त है।
आयोजित उपवास व धरना प्रदर्शन में शहर के पूर्व उप ब्लॉक, पश्चिम उप ब्लॉक, उत्तर उप ब्लॉक व दक्षिण उप ब्लॉक एवं मध्य उप ब्लॉक के समस्त अध्यक्षगण, समस्त प्रभारीगण सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।