अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित फुटकर व्यापारियों के समर्थन में आई नगर कांग्रेस
छिंदवाड़ा
03-Jul-26
निगम की तानाशाही से नाराज कांग्रेस का सुव्यवस्थित विस्थापन पर जोर
बारिश के बीच पहुंचे निगम अध्यक्ष सोनू मागों ने फुटकर व्यापारियों को दिलाया भरोसा
छिन्दवाड़ा
भाजपा शासित नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा अतिक्रमण के नाम पर छोटे-छोटे व्यापारियों और हाथ ठेला चलाने वालों का रोजगार छीनने से भी पीछे नहीं हट रही। रोज की रोटी के लिए जद्दोजहद करने वाले नागरिकों को हटाना उचित नहीं है, पहले उन्हें सुव्यवस्थित विस्थापित किया जाए ताकि उनका रोजगार भी प्रभावित ना हो और जायज कार्रवाई भी हो जाए। शहर के अनगढ हनुमान मंदिर के समीप फल फूल बेचने वालों पर निगम की तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई का व्यापारियों ने खुलकर विरोध किया और सहयोग की मांग के लिए राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
भाजपा में नहीं सुनवाई, कांग्रेस की शरण में फुटकर व्यापारी
हाथ ठेला पर फल-फूल बेचने वाले व्यापारियो ने जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में कभी भी ऐसी तानाशाही नहीं हुई। निगम लगातार अतिक्रमण हटाने के नाम पर छोटे व्यापारियों पर प्रहार कर उन्हें बेरोजगार करने पर तुला हुआ है। कोई सुनने वाला नहीं है। ध्यान रहे भाजपा के नेता और कार्यकर्ता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे है जिससे फुटकर व्यापारियों में लगातार असंतोष पनप रहा है। वे सुव्यवस्थित व्यवस्थापन की मांग कर रहे हैं लेकिन भाजपा के नेता और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
निगम अध्यक्ष सोनू मागो ने दिया समर्थन, बनाई व्यवस्था
कांग्रेस कार्यालय में उपस्थित शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने सभी व्यापारियों की समस्या को गम्भीरता पूर्वक सुनने के उपरांत उन्हें आश्वस्त कि वे अपने आपको अकेला महसूस ना करें। उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे शहर अध्यक्ष श्री मागो ने अनगढ़ हनुमान मंदिर के सामने हटाए गए सभी व्यापारियों को तत्काल जेल बगीचा के समीप विस्थापित कराया। इस दौरान निगम का अमला भी उपस्थित रहा उन्हें भी चेताया कि अब दोबारा इन व्यापारियों को किसी भी स्थिति में परेशान ना किया जाए अन्यथा कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, कांग्रेस पार्षद ब्रजेश उर्फ टिंकू राय, शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर, आरिफ ठाकुर व अर्जुन बघेल उपस्थित रहे।