आईपीएल में खेलेगा छिंदवाड़ा का युवा क्रिकेटर मंगेश यादव
खेल
17-Dec-25
पांच करोड़ 20 लाख में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा
छिंदवाड़ा
सपने पूरा करने के लिए जी जान लगाने वाले एक दिन उसे पा ही लेते हैं फिर चाहे परिस्थिति कैसी भी हो इसका जीता जागता उदाहरण बन गए हैं सौंसर क्षेत्र के निवासी मंगेश यादव। ट्रक ड्राइवर के घर खेलने से लेकर पढ़ाई तक की क्या सुविधा मिली होगी इस बात का सहज ही अंदाजा लगाया जा रहा है लेकिन बड़ा लक्ष्य के लिए बड़ी मेहनत ने मंगेश को उस मुकाम पर पहुंचा दिया जहां पहुंचना हर क्रिकेटर का सपना होता है।
जिले में पहली बार ऐसा हुआ है कि कोई क्रिकेट खिलाड़ी ने इतनी उंची छलांग लगाई कि देखने वाले दंग रह गए। उन्हें भरोसा ही नहीं हो रहा था कि कल तक शहर की गलियों में और छोटे-छोटे टूर्नामेंट खेलने वाला अपना मंगेश अब आईपीएल का खिलाड़ी बन गया है।
जमकर हुई आतिशबादी, मिठाईयां भी बंटी
मंगेश के चयन की खबर मिलते ही उनके घर पर जश्न का माहौल छा गया। पिता रामअवध यादव, मां रीता यादव और बहन के साथ पड़ोसियों ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। मंगेश के पिता पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनकी बहन छिंदवाड़ा में पढ़ाई कर रही हैं। पिता रामअवध यादव ने बताया कि मंगेश को बचपन से ही क्रिकेट में गहरी रुचि थी। उन्होंने बोरगांव के लिटिल स्टेप स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की, जिसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए नोएडा चले गए।