पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे और नाना मोहोड़ दिल्ली में सक्रिय
राजनीति
17-Dec-25
शिवराज सिंह और नितिन गड़करी से की मुलाकात
छिंदवाड़ा
जिला भाजपा की कमान संभाल चुके चौरई के पूर्व विधायक रमेश दुबे और पूर्व शिक्षा मंत्री नाना मोहोड़ इन दिनों दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी मुलाकात के छिंदवाड़ा में अपने-अपने मायने निकल रहे हैं। सांसद खेमा से लेकर वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष का खेमा इन मुलाकातों पर बारिकी से नजर गड़ाए हुए है। दोनों खेमों में यह सुगबुगाहट हो रही है कि आखिर इन नेताओं की मंशा क्या है? क्यों इन नेताओं ने दिल्ली की दौड़ लगाई है? नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान से मिलकर कौन सी खिचड़ी पकाई जा रही है।

क्या बुजुर्ग नेताओं को किनारे लगा रही वर्तमान भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की कमान जिस तरह से एक नए नेतृत्व को प्रदान की गई है उसकी धाक भाजपा की बुजुर्ग पीढ़ी को चिंता में डाल रही है। उन्हें अपनी राजनीति के अवसान का डर सता रहा है इसलिए वे अपनी नई पारी की तलाश में इन दिनों दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। प्रदेश भाजपा से जिला भाजपा तक नए चेहरो कों जगह मिलना यह साफ संकेत दे रहा है कि भाजपा में अब बुजुर्ग पीढ़ी की अहमियत कितनी बची है। अपनी साख बचाने के साथ-साथ साख को बढ़ाने के अवसर की तलाश में नेताद्वय दिल्ली में खुद ही मोर्चा संभाल रहे हैं। देखना है आने वाले समय में इन बुजुर्ग नेताओं की दिल्ली दौड़ क्या रंग लाती है।