Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

चौरई ब्लॉक कांग्रेस व चौरई ब्लॉक किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

चौरई ब्लॉक कांग्रेस व चौरई ब्लॉक किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा
30-Mar-26
किसानों व आमजन की मूलभूत समस्याओं से कराया अवगत

छिन्दवाड़ा

चौरई ब्लॉक कांग्रेस एवं चौरई ब्लॉक किसान कांग्रेस ने किसानों की आर्थिक स्थिति, सहकारी समितियों के ऋण, कृषि व्यवस्थाओं एवं बढ़ती महंगाई के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वर्तमान समय में किसान रबी फसलों की कटाई में व्यस्त हैं, ऐसे में सहकारी समितियों से लिए गए कृषि ऋण के भुगतान की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित करना अत्यंत कठिन व अन्यायपूर्ण है। ऋण भुगतान की समय-सीमा तत्काल बढ़ाई जाए।

खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, गेहूं फसलों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण करने, नरवाई प्रबंधन के नाम पर हो रही सख्ती पर तत्काल रोक लगाने, गेहूं खरीदी हेतु बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, बिजली बिल माफी, फसलों के समर्थन मूल्य में वृद्धि, डीज़ल की पर्याप्त उपलब्धता, फसल बीमा को स्वैच्छिक बनाने तथा मंडियों में किसानों के लिए उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

किसान कांग्रेस ने अपनी मांग में यह भी उल्लेख किया कि आगजनी से फसल नुकसान की स्थिति में फसल बीमा योजना के तहत त्वरित मुआवजा दिया जाए तथा सहकारी समितियों में नगद खाद वितरण पर लगे प्रतिबंध को हटाया जाए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों पर किसान हित में पुनर्विचार करने की आवश्यकता जताई गई। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बढ़ती महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति एवं आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर भी पृथक ज्ञापन सौंपा गया। इसमें आमजन को राहत देने हेतु महंगाई पर नियंत्रण तथा गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
 

कार्यक्रम के दौरान विधायक चौ. सुजीत सिंह ने किसानों की समस्याओं एवं आम नागरिकों के दैनिक जीवन में रसोई गैस से जुड़ी परेशानियों  का मुद्दा प्रमुखता से रखा। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आगामी समय में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तीरथ सिंह ठाकुर, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुशील सक्सेना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता छबील सिंह ठाकुर, प्रमेंद्र साहू, प्रशांत शर्मा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता चंद्रजीत सिंह, बिंदुमती रघुवंशी, स्वाति श्रीवास्तव, शिवकुमार सिरसाम सहित कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में  ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चौरई एवं किसान कांग्रेस चौरई द्वारा उपरोक्त मांगों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
Share News On