चारफाटक सार्वजनिक भुजलिया उत्सव समिति की बैठक 31 को
छिंदवाड़ा
29-Jul-25
छिंदवाड़ा
चार फाटक क्षेत्र में भुजलिया उत्सव हर साल धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस क्षेत्र में यह आयोजन भुजलिया उत्सव समिति चार फाटक क्षेत्र करती है। समिति के अध्यक्ष सौरभ ठाकुर व सचिव अंशुल शुक्ला ने बताया कि चार फाटक श्याम टॉकीज स्टेशन गंज क्षेत्र की भुजलिया उत्सव समिति की बैठक 31 जुलाई गुरुवार को शाम 5 बजे श्री संतोषी माता मंदिर चार फाटक में आयोजित की गई है । आगामी 11 अगस्त को मनाए जाने वाले भुजलिया पर्व हेतु बैठक आयोजित है , जिसमें पर्व को व्यवस्थित रूप से मनाने हेतु सभी सदस्यों के सुझाव आमंत्रित किए गए हैं । भुजलिया उत्सव समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होकर अपने अमूल्य सुझाव देने और भुजलिया उत्सव को भव्यता प्रदान करने का निवेदन समिति के पदाधिकारियों ने किया हैं।

दो स्थानों पर मनता है भुजलिया उत्सव
नगर में ऐतिहासिक भुजलिया उत्सव छोटी बाजार स्थित सार्वजनिक भुजलिया उत्सव समिति के द्वारा मनाया जाता है। यहां आल्हा-उदल की सेना घोड़े और हाथियों पर सवार होकर निकलती है। इस उत्सव को भव्य रूप देने के लिए व्यायाम शाला के पहलवान भी तलवार और भाला का प्रदर्शन करते हैं। इसके अलावा किन्नरों द्वारा नृत्य और आदिवासी नृत्य मंडली भी शामिल होती है। इसके पूर्व बड़ी माता मंदिर में आल्हा गायन होता है। रक्षाबंधन के दूसरे दिन यह भव्य शोभायात्रा गणेश चौक से निकलकर छोटी बाजार, गोलगंज, दीवानजीपुरा, पुराना बैल बाजार होते हुए बड़ा तालाब पहुंचती है जहां परंपरागत रूप से भुजलिया उत्सव मनाया जाता है और इस भव्य उत्सव का समापन होता है।