छिंदवाड़ा में विकास का उत्सव, कांग्रेस का राजनीतिक प्रपंच बेनकाब: अखिलेश शुक्ला
राजनीति
18-Jul-26
छिंदवाड़ा

ब्लॉक कांग्रेस समिति दमुआ द्वारा भाजपा सरकार के विरुद्ध किए गए प्रदर्शन एवं ज्ञापन पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। जिस कांग्रेस ने वर्षों तक शासन करते हुए प्रदेश और देश को भ्रष्टाचार, कुशासन एवं अव्यवस्था दी, वह आज अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने से बौखलाकर झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि यह अत्यंत विडंबना की बात है कि जिस समय कांग्रेस दमुआ में रैली निकालकर जनता को गुमराह करने और भाजपा सरकार पर झूठे आरोप लगाने का प्रयास कर रही थी, ठीक उसी समय छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव में अत्याधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण हो रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र को आधुनिक रेल सुविधाओं की सौगात मिल रही थी, जो भाजपा सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। इतना ही नहीं, उसी दिन घोषित हुए नीट परीक्षा परिणामों में आदिवासी अंचल तामिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि भाजपा सरकार आदिवासी अंचलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जब एक ओर विकास और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हो रही थीं, तब दूसरी ओर कांग्रेस केवल दुष्प्रचार और विरोध की राजनीति में व्यस्त थी।
श्री शुक्ला ने कहा कि सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक सुनील उइके स्वयं जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित थे। यदि भाजपा सरकार विकास नहीं कर रही होती, तो कांग्रेस विधायक उस कार्यक्रम में शामिल क्यों होते? इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस का एक चेहरा विकास कार्यों का लाभ लेने के लिए मंच पर दिखाई देता है, जबकि दूसरा चेहरा सड़कों पर उतरकर उन्हीं विकास कार्यों का विरोध कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करता है। कांग्रेस को अपनी इस दोहरी राजनीति पर आत्ममंथन करना चाहिए।