Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर पेट्रोल पंप संचालक पर बना मामला

बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर पेट्रोल पंप संचालक पर बना मामला
छिंदवाड़ा
13-Jun-25
छिंदवाड़ा

बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं करना पेट्रोल पंप संचालकों को महंगा पड़ गया। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने बस स्टैंड और फव्वारा चौक के पेट्रोल पंप के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया है। 
हेलमेट अनिवार्य को लेकर  यातायात पुलिस की कार्यवाही को तो हम आए दिन देखते हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि बिना हेलमेट के पेट्रोल दिए जाने पर  पेट्रोल पंप  संचालकों पर ही कार्यवाही हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में संचालित प्रत्येक पेट्रोल और डीजल पंप को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इस आदेश का पालन नहीं किया जा  रहा था। विगत दिनों जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के साथ एक बार फिर जिला कलेक्टर के संज्ञान में जब ये बात आई तो उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को इस नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप  से पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया।  बस स्टैंड स्थित माधव लाल एण्ड ब्रदर्स पेट्रोल पंप और फव्वारा चौक स्थित योगेश ऑटो मोबाईल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा था। अधिकारियों ने पंप संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दिया।  जिले के सभी पेट्रोल/डीजल पम्प संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे दुपहिया वाहन को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिये जाने संबंधी सूचना का प्रदर्शन करते हुये दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें। साथ ही आम नागरिकों  से भी कहा है कि वे दुपहिया वाहन में पेट्रोल प्राप्त करने के लिये हेलमेट पहनकर ही जायें ।
Share News On