Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिले भर में वृध्दजननों एवं दिव्यांगजनों के लिए लगेंगे शिविर

जिले भर में वृध्दजननों एवं दिव्यांगजनों के लिए लगेंगे शिविर
छिंदवाड़ा
05-Sep-26
07 सितम्बर से 16 सितम्बर तक निरंतर लगाये जायेंगे कैंप 
 
छिन्दवाड़ा

जिले भर में वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए 07 सितम्बर से 16 सितम्बर तक निरंतर कैंप लगाये जायेंगे। उक्त शिविरों में पात्र वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों को राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजनांतर्गत सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग प्रदान करने के लिए चयन किया जायेगा। शिविरों के स्थानों एवं तिथि का चयन कर लिया गया है। 07 सितम्बर से जिले के विकासखण्डों एवं नगरपालिक निगम छिन्दवाड़ा में  शिविर लगेंगे। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने कही।
 
सांसद बंटी विवेक साहू ने की अपील

सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कुशल नेतृत्व में देश भर में वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय बयोश्री एवं एडिप योजनांतर्गत के तहत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग प्रदान किए जा रहे है। इस योजना का लाभ अब जिले के वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों को भी मिल सकेंगा। सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के जनप्रतिनिधियों, भाजपा के मंडल अध्यक्षों, समाजसेवियों, जागरूक नागरिकगणोें, नगरपालिका, नगर पंचायतों व ग्राम पंचायतों के कर्मचारियों सहित अन्य आमजनों से अपील की है कि जब भी आपके क्षेत्रों में वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए शिविरों का आयोजन किया जाता है तो अधिक से अधिक संख्या में वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों को शिविरों मेें भेजते हुए उन्हें उक्त शिविरों का लाभ दिलाए। सांसद श्री साहू ने वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों से भी अपील की है कि वे भी शिविरों में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाए।

इन स्थानों पर लगेंगे स्वास्थ्य  शिविर   

जिले भर में शिविर आयोजित करने के लिए जगह और तिथि का चयन किया गया है, जिसके अनुसार जनपद पंचायत हर्रई व नगरपालिका हर्रई मेें 07 सितम्बर, जनपद पंचायत अमरवाड़ा व नगरपालिका अमरवाड़ा मेें 08 सितम्बर, नगरपालिका चौरई व नगरपालिका चांद मेें 09 सितम्बर, जनपद पंचायत बिछुआ व नगरपालिका बिछुआ मेें 10 सितम्बर, जनपद पंचायत जुन्नारदेव एवं नगरपालिका जुन्नारदेव व दमुआ मेें 11 सितम्बर, जनपद पंचायत परासिया एवं नगरपालिका परासिया,चांदामेटा, बडकुही, न्यूटन मेें 12 सितम्बर, जनपद पंचायत तामिया में 14 सितम्बर, जनपद पंचायत मोहखेड़ में 15 सितम्बर, जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा एवं नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा में 16 सितम्बर को शिविरों का आयोजन किया जायेगा।

शिविर में दिव्यांगजनों द्वारा लाये जाने वाले जरूरी दस्तावेज

संासद बंटी विवेक साहू ने वृध्दजनों एवं दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे जब शिविर में आये तो अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आये। जिसके तहत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र जो की जिले के चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। मोट्राइज्ड ट्रायनिकल हेतु दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक होना चाहिए,यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति,आय प्रमाण-पत्र जो कि प्रतिमाह 22,500 रूपये से ज्यादा न हो, पांच पासपोर्ट आकार का फोटो जिसमें दिव्यांगता प्रदर्शित हो, आवास प्रमाण-पत्र मतदाता परिचय पत्र / राशन कार्ड / समग्र आई.डी में से कोई एक दस्तावेज की छायाप्रति।

वृद्धजनों हेतु आवश्यक दस्तावेज

बीपीएल राशन कार्ड या मनरेगा कार्ड या इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना या राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अथवा राज्य / केन्द्र शासित प्रदेश की किसी अन्य पेंशन योजना के तहत बीपीएल श्रेणी से संबंधित वरिष्ठ नागरिकों के लिये वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने का प्रमाण पत्र या बीपीएल श्रेणी के अलावा अन्य वरिष्ठ नागरिक जिनकी सभी स्त्रोतों से मासिक आय रूपये 15,000/- प्रतिमाह से कम का आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते है।  
Share News On