छात्रावास में रह रही दिव्यांग बालिका के हाथ में गर्म वस्तु से दागने का निशान
छिंदवाड़ा
29-Jul-25
बालिका सहित परिजनों ने लगाए गर्म वस्तु से दागने का आरोप, महिला कर्मचारी ने किया इंकार
छिंदवाड़ा
चौरई के लिखड़ी गांव की रहने वाली दिव्यांग बालिका छिंदवाड़ा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास स्थित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास में पढ़ने के लिए रहती थी। इस बच्ची ने हॉस्टल में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी पर गर्म वस्तु से हाथ में दागने का आरोप लगाया है। यह आरोप बच्ची ने तब लगाया जब उसके माता-पिता उसे लेकर गांव पहुंचे। बच्ची ने माता-पिता को बताया कि उसके हाथ में बंधे धार्मिक धागे को काटने की बात जब उसने हॉस्टल में कार्यरत आराधना पाटिल सेे कही तो उसने कहा कि यह धागा उसके माता-पिता ने किसी बीमारी के इलाज हेतु बंधवाया है और इसे कभी भी नहीं काटना यह भी कहा है। इस बात से हॉस्टल अधीक्षिका नाराज हो गई और उसके दोनों हाथों को गर्भ वस्तु से दाग दिया।

महिला कर्मचारी बोली - बच्ची झूठ बोल रही है
बच्ची के हाथों में गर्म वस्तु से दाग देखकर माता-पिता सहित गांव के लोग बेहद नाराज हो गए और वे मंगलवार को सीडब्ल्यूएसएम छात्रावास पहुंचे जहां उन्होंने मौन धरना दिया। इधर महिला कर्मचारी आराधना पाटिल ने बच्ची के आरोपों को एक सिरे से नकार दिया है। जबकि इस मामले में विभागीय अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर का कहना है कि बच्ची के परिजन उसे केवाईसी अपडेट कराने की बात कह कर अपने साथ ले गए थे। यदि उन्हें कोई शिकायत थी तो बच्ची को साथ ले जाते वक्त ही कहते। बच्ची के आरोपों पर जांच की जाएगी।