समय पर नहीं सुधारे बिजली के टूटे तार, आदिवासी युवती की मौत
छिंदवाड़ा
20-Jul-26
कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ ने सौंपा अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा
कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर आदिवासी नाबालिग बेटी की मौत के जिम्मेदारों पर न्याय संगत ठोस कार्रवाई करने के साथ ही मृतिका के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता से भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुर्नरावृत्ति न हो इसके लिए व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया।
क्या है पूरा मामला
17 जुलाई को हर्रई विकासखंड के ग्राम उमरीकला में 17 वर्षीय आदिवासी समाज की बेटी प्रियंका पिता संतराम मर्सकोले एलटी तार की चपेट में आई जिससे उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना के उपरांत परिजनों व ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली के टूटे हुए तार के सम्बंध में विद्युत वितरण कम्पनी के कर्मचारी को सूचित किया था। बावजूद इसके ना ही तार हटाए गए ना ही बिजली सप्लाई बंद की गई। अगर समय रहते जिम्मेदार अधिकारी जाग जाते तो यह हादसा नहीं होता और नाबालिग की जान नहीं जाती।
मेंटनेंस के बावजूद खंबे गिरने और तार टूटने की घटनाएं
वर्ष में दो बार मेंटनेंस करने के उपरांत भी तार टूटने और खम्बे गिरने जैसी दुर्घटनाएं कम नहीं हो रही। इससे जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में कई दिनों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है तो वहीं दूसरी ओर जान माल के नुकसान का अंदेशा पूरे समय बना रहता है। इसीलिये मेंटनेंस में लापरवाही ना बरतते हुए गम्भीरता के साथ कार्य किए जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद दुर्घटनाएं सामने ना आएं। ज्ञापन सौंपते समय प्रकोष्ठ प्रभारी पप्पू यादव, कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय, कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष राहुल दुबे, रासिद खान, नारू सोनी, धीरज घोंगे, उज्जवल भोपे, सुरजीत करोसिया, शबाबउद्दीन खान, अमित प्रजापति, शादाब उद्दीन व शिवराज चौरे, राजेन्द्र नाथ व बाबा ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।