तामिया में विधायक की उपस्थिति में हुई ब्लॉक काँग्रेस की बैठक
छिंदवाड़ा
16-Sep-25
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आंदोलन की हो रही तैयारी
तामिया
मंगलवार को तामिया में जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके की उपस्थिति में ब्लॉक काँग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसमें ब्लॉक काँग्रेस के पदाधिकारी एवं काँग्रेस के अनुसांगिक संगठन महिला काँग्रेस, युवा काँग्रेस, सेवादल के प्रमुख तथा तामिया एवं चावलपानी के क्षेत्रीय अध्यक्ष उपस्थित थे।
बैठक में विधायक श्री उईके ने संगठन की वास्तविक स्थिति पर उपस्थित पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ की मंशानुसार बूथ से लेकर ब्लॉक तक संगठन को सशक्त बनाने की बात कही। किंतु यह सब सिर्फ बात करने से नही होगा। इसके लिए पदाधिकारियों के साथ साथ वरिष्ठ काँग्रेस जनों को भी मैदान में उतरकर बूथ बूथ में बैठक कर समिति का गठन करने में सहयोग करना पड़ेगा। संगठन को भी अब हर महीने नियमित बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं को जोर शोर से प्रशासन के समक्ष उठाना पड़ेगा।
शासन प्रशासन भाजपाईयों के इशारे पर अब कांग्रेसजनों पर अनैतिक दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है किंतु वह यह भूल रहा है कि कांग्रेसी किसी भी दबाव में आने वाले नही है। अंत विधायक श्री उईके ने उपस्थित क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों को जल्द से जल्द बूथ कमेटी के गठन के लक्ष्य को पूर्ण करने की बात कही।
बैठक में विधायक सुनील उईके के साथ तामिया पर्यवेक्षक घनश्याम तिवारी, समन्वयक अशोक राय, मनमोहन साहू, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, चावलपानी उप ब्लॉक अध्यक्ष उमरावशा उईके, भागचंद साहू, एस पी शर्मा, जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम एवं जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अहके सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, तामिया एवं चावलपानी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, कार्यकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष,महिला कांग्रेस, युवा काँग्रेस, सेवादल के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।